फतेहाबाद (आगरा)। थाना फतेहाबाद क्षेत्र के अवंती चौक स्थित पारस डेयरी के पास रविवार सुबह एक युवक ने अज्ञात कारणों के चलते संदिग्ध परिस्थितियों में अपने कमरे में फंदे से लटककर आत्महत्या करने का प्रयास किया। चीख-पुकार और आहट सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने तत्परता दिखाते हुए कमरे का दरवाजा तोड़ा और युवक को फंदे से नीचे उतारा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिवाकर पुत्र बलवंत सिंह (निवासी पारस डेयरी के पास, अवंती चौक, थाना फतेहाबाद) रविवार सुबह अपने कमरे में फंदे पर लटका मिला। आवाज सुनते ही आसपास के लोग तुरंत मौके पर एकत्र हो गए और उसे फंदे से मुक्त कराकर आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) फतेहाबाद पहुंचाया।
सीएचसी फतेहाबाद में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए आगरा (एसएन मेडिकल कॉलेज/हायर सेंटर) रेफर कर दिया। युवक की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है और चिकित्सक उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। घटना के कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल सका है।