बाह । कस्बा जरार स्थित आछेलाल रामनारायण इंटर कॉलेज में निर्धारित मानकों के अनुरूप सुविधाएं उपलब्ध नहीं होने का आरोप लगाते हुए भारतीय किसान यूनियन सर्वोदय ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से जांच की मांग की है।
प्रदेश अध्यक्ष (युवा मोर्चा) सरबन सिंह भदौरिया ने बताया कि विद्यालय तक पहुंचने वाला मुख्य रास्ता करीब 10 फीट चौड़ा है। इससे विद्यार्थियों के आवागमन में परेशानी के साथ दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसके अलावा विद्यालय में कंप्यूटर लैब और साइंस लैब नहीं होने तथा विद्यार्थियों के लिए खेल मैदान उपलब्ध नहीं होने की शिकायत भी की गई है।भदौरिया ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को दिए प्रार्थना पत्र में विद्यालय की मान्यता, भवन, रास्ते, प्रयोगशालाओं, खेल मैदान और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की स्थलीय एवं निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। उन्होंने कहा कि जांच में यदि विद्यालय निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित नहीं पाया जाता है तो प्रबंधन के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए और विद्यार्थियों के हित में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कराई जाएं। इस दौरान युवा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील सिंह चौहान, जिलाध्यक्ष मजदूर सुशील सिंह चौहान और ब्लॉक उपाध्यक्ष राहुल शर्मा मौजूद रहे।