आगामी गणेशोत्सव के मद्देनजर मिरज के पटवर्धन हॉल में शांति समिति, गणेश उत्सव मंडलों के पदाधिकारियों, नगरसेवकों तथा राजनीतिक एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं की विशेष बैठक आयोजित की गई। कोल्हापुर परिक्षेत्र के विशेष पुलिस महानिरीक्षक रंजनकुमार शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित इस बैठक में गणेशोत्सव को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई।
बैठक में गणेश मंडलों के पदाधिकारियों ने डीजे को अनुमति देने की मांग पुलिस प्रशासन के समक्ष रखी। वहीं, कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने डीजे की तेज आवाज पर नियंत्रण लगाने की मांग की।
इस अवसर पर विशेष पुलिस महानिरीक्षक रंजनकुमार शर्मा ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करते हुए ही गणेश विसर्जन जुलूस को अनुमति दी जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि ध्वनि सीमा का उल्लंघन करने वाले गणेश मंडलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सुरक्षा के लिए CCTV कैमरे लगाने की अपील
रंजनकुमार शर्मा ने सभी गणेश मंडलों से अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा की दृष्टि से CCTV कैमरे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि उत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए गणेश मंडलों और नागरिकों का पुलिस प्रशासन के साथ सहयोग आवश्यक है।
महाप्रसाद के दौरान सावधानी जरूरी
उन्होंने बताया कि महाप्रसाद के लिए किसी विशेष अनुमति की आवश्यकता नहीं है, लेकिन महाप्रसाद तैयार करने एवं वितरित करते समय आवश्यक सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, ताकि भोजन से विषबाधा जैसी घटनाएं न हों।
उन्होंने किसी भी प्रकार की परेशानी या आपात स्थिति में तत्काल 112 नंबर पर फोन करने की अपील की।
स्वागत कमानों पर आपत्तिजनक बैनर न लगाएं
गणेश मंडलों को निर्देश दिया गया कि स्वागत कमानों पर आपत्तिजनक मजकूर, विवादित सामग्री अथवा किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाले बैनर नहीं लगाए जाएं।
साथ ही, किसी भी धर्म की भावनाओं को आहत करने वाले गीत नहीं बजाने की अपील की गई। गणेश मंडलों से सामाजिक जागरूकता एवं सामाजिक परिवर्तन का संदेश देने वाले सामाजिक एवं प्रेरणादायी देखावे प्रस्तुत करने का आह्वान भी किया गया।
विशेष पुलिस महानिरीक्षक रंजनकुमार शर्मा ने सभी गणेश मंडलों, नागरिकों एवं कार्यकर्ताओं से आगामी गणेशोत्सव शांति, भाईचारे और उत्साह के साथ मनाने की अपील की।
पुलिस अधिकारियों एवं गणेश मंडल पदाधिकारियों की उपस्थिति
बैठक में जिला पुलिस अधीक्षक तुषार दोषी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी अजय कोकाटे, सांगली स्थानीय अपराध अन्वेषण विभाग के पुलिस निरीक्षक संजीव झाडे, मिरज शहर पुलिस थाने के पुलिस निरीक्षक किरण चौगले, महात्मा गांधी चौक पुलिस थाने के सहायक पुलिस निरीक्षक संदीप शिंदे, कुपवाड MIDC पुलिस निरीक्षक आनंदराव घाडगे तथा यातायात शाखा के पुलिस निरीक्षक रणजित तिप्पे उपस्थित थे।
इसके अलावा वरिष्ठ नेता सुरेशबापू आवटी, नगरसेवक निरंजन आवटी, सागर वनखंडे, आतहर नाइकवडी, संजय बापू मेंढे, करण जामदार, संदीप आवटी, मोहन वाटवे, नगरसेविका विद्याताई नलवडे, बिलकिस बुजरूक, पूर्व नगरसेवक योगेंद्र थोरात, भाजपा नेता फारूक जमादार, डॉ. महेशकुमार कांबळे, शिवाजी दुर्वे, पप्पू दादा कोळेकर, महादेव नलवडे, अशोक कांबळे एवं विलास देसाई सहित पुलिस अधिकारी, गणेश मंडलों के पदाधिकारी और शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि गणेशोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था, ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण, सुरक्षा और सामाजिक सौहार्द को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।