📍 पीलीभीत: लंबे समय से अवैध कब्जे और प्लॉटिंग के आरोपों को लेकर चर्चा में रही पिंक सिटी कॉलोनी पर बुधवार को प्रशासन ने कार्रवाई की। नगरपालिका, राजस्व और विनियमित क्षेत्र की संयुक्त टीम ने खकरा नदी के किनारे प्रतिबंधित 100 मीटर के दायरे में बनाई गई करीब 100 मीटर लंबी सड़क को जेसीबी से ध्वस्त कर दिया।
बताया गया कि यह कार्रवाई आम वाले मियां की बाजार के पास नकटादाना से खकरा पुल मार्ग स्थित पिंक सिटी कॉलोनी में हुई। जांच में संबंधित भूमि नगरपालिका के गाटा में दर्ज पाई गई।
शिकायत के बाद सिटी मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य के निर्देश पर पुलिस बल के साथ टीम मौके पर पहुंची। कॉलोनाइजर अहमद नबी ने निर्माण को निजी भूमि पर बताते हुए कार्रवाई का विरोध किया। अधिकारियों ने उनका पक्ष सुनने के बाद जमीन को नगरपालिका की बताते हुए कार्रवाई के आदेश दिए।
इसके बाद प्रशासन की टीम ने जेसीबी चलाकर करीब 100 मीटर सड़क को ध्वस्त कर दिया।
बताया जा रहा है कि पिंक सिटी कॉलोनी में नजूल भूमि पर कब्जे और अवैध प्लॉटिंग को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं।
रिपोर्ट: अमित दीक्षित (पीलीभीत)