पीलीभीत: राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पीलीभीत कलेक्ट्रेट परिसर में विभिन्न सांस्कृतिक व सामाजिक कार्यक्रमों का गरिमामय आयोजन किया गया।
सुबह 8:30 बजे जिलाधिकारी आलोक कुमार ने पूरे सम्मान के साथ राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ध्वजारोहण के पश्चात उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान का गायन किया। इस दौरान जिलाधिकारी सहित तमाम प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण कर उन्हें भावभीनी पुष्पांजलि अर्पित की।
ध्वजारोहण के बाद कलेक्ट्रेट स्थित गांधी सभागार में मुख्य समारोह का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्गों के उत्थान पर विशेष बल दिया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार ट्राईसाइकिल, बैसाखी, छड़ी और व्हीलचेयर सहित विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए।
उपकरण प्राप्त करने के बाद लाभार्थियों के चेहरों पर खुशी और संतोष साफ दिखाई दिया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर व सशक्त बनाना तथा उनके दैनिक जीवन को अधिक सुगम बनाना रहा।
रिपोर्ट: अमित दीक्षित