पीलीभीत| जिले के पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित बिलहरी गांव में मंगलवार सुबह सनसनीखेज वारदात सामने आई। 21 साल पहले हुई अपने पिता की हत्या का बदला लेने के लिए दो सगे भाइयों ने एक 50 वर्षीय अधेड़ की कुल्हाड़ी और बांके से काटकर नृशंस हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों ने पुलिस को शव उठाने से रोक दिया और एसपी को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। करीब तीन घंटे के भारी हंगामे और एएसपी के आश्वासन के बाद पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
शौच के लिए जा रहे वेदराम को रास्ते में घेरा
मृतक की पहचान 50 वर्षीय वेदराम के रूप में हुई है। पत्नी माधुरी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब छह बजे वेदराम रोजाना की तरह शौच के लिए गांव के दक्षिण दिशा स्थित खेत की ओर जा रहे थे। जैसे ही वह आरोपी पक्ष के घर के सामने पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे रामदेव, श्यामदेव, फलगू, श्रीदेव और भूरा समेत अन्य लोगों ने उन्हें घेर लिया।
दौड़ा-दौड़ाकर सिर पर किए ताबड़तोड़ वार
हमलावरों को देखकर वेदराम ने जान बचाने के लिए भागने का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घेर लिया। इसके बाद बांके और कुल्हाड़ी से वेदराम के सिर पर ताबड़तोड़ वार किए गए। सिर पर गंभीर चोटें आने से वेदराम मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े। हमलावर उन्हें मृत समझकर श्रीदेव के घर के बाहर छोड़कर फरार हो गए।
एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े परिजन, 3 घंटे रुका रहा शव
सुबह-सुबह हुई इस वारदात से गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही कोतवाल पवन कुमार पांडेय और सीओ विधि भूषण मौर्य पुलिस बल के साथ पहुंचे। जब पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की कोशिश की, तो आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध करते हुए शव उठाने से इनकार कर दिया। परिजनों की मांग थी कि जब तक एसपी खुद मौके पर आकर सख्त कार्रवाई का भरोसा नहीं देते, तब तक शव नहीं उठने दिया जाएगा।
बाद में एएसपी गौरव प्रशांत मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझा-बुझाकर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के समझाने पर करीब तीन घंटे बाद परिजन शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने पर सहमत हुए।
9 लोगों पर हत्या का मुकदमा दर्ज, दो गिरफ्तार
मृतक की पत्नी माधुरी की तहरीर पर पुलिस ने 9 लोगों के खिलाफ हत्या की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। नामजद आरोपियों में:
रामदेव और उसके भाई श्यामदेव
फलगू और उसका पुत्र नमनीत
श्रीदेव
भूरा और उसका पुत्र विशाल
अवधेश
फलगू का दामाद शामिल हैं।
पुलिस ने मुख्य आरोपी रामदेव और श्रीदेव को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
21 साल पुरानी रंजिश का मामला
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया कि प्रथम दृष्टया घटना का कारण 21 वर्ष पूर्व हुई पिता की हत्या से जुड़ी पुरानी रंजिश सामने आई है। घटनास्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्र कर लिए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा के लिहाज से बिलहरी गांव में एहतियातन पुलिस और पीएसी (PAC) बल तैनात कर दिया गया है।
(रिपोर्ट: अमित दीक्षित)