मेला ककोड़ा की तैयारियों का डीएम अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने किया संयुक्त निरीक्षण
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्य पूरा करने के निर्देश
बदायूँ। आगामी ऐतिहासिक मेला ककोड़ा (मिनी कुंभ) के सकुशल एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर जिलाधिकारी अवनीश राय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने गंगा तट स्थित मेला स्थल का संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने मेला क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां युद्धस्तर पर निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी करने के कड़े निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने श्रद्धालुओं के सुगम आवागमन के लिए मेला स्थल तक जाने वाले मार्गों की मरम्मत कराने, घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने, साफ-सफाई बनाए रखने तथा शुद्ध पेयजल की उपलब्धता पर विशेष जोर दिया।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मेला क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से निगरानी तथा प्रभावी यातायात एवं भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा कर लिया जाए और मेला आयोजन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाए।
इस अवसर पर एएसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह, एसडीएम सदर साईं अश्रित शाखमुरी, सीओ उझानी राहुल पाण्डेय सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जितेन्द्र कुमार यादव
जिला संवाददाता, बदायूँ
सत्यार्थ न्यूज