पीलीभीत:जनपद के नखासा इलाके में दो दिन से लापता भारतीय सेना के एक सेवानिवृत्त फौजी का शव शुक्रवार सुबह उनके घर के पास ही एक नाले में उतराता मिलने से सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फील्ड यूनिट मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। पुलिस प्राथमिक जांच में अत्यधिक शराब के सेवन के बाद पैर फिसलकर नाले में गिरने से मौत होने की आशंका जता रही है।
मृतक की पहचान भारतीय सेना से सेवानिवृत्त छत्रपाल के रूप में हुई है। उनके बेटे ने जानकारी दी कि गत 7 अक्टूबर की रात करीब 11 बजे छत्रपाल बिना बताए घर से निकल गए थे। परिजनों को यह लगा कि वे किसी रिश्तेदार के यहां गए होंगे, जिसके चलते उन्होंने शुरुआत में पुलिस को सूचना नहीं दी थी।
शुक्रवार सुबह जब उनका शव घर के पास बने नाले में उतराता हुआ दिखाई दिया, तो इलाके में हड़कंप मच गया और परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नाले से बाहर निकलवाकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मामले को लेकर प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी ने बताया कि पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी
संवाददाता अमित दीक्षित