पीलीभीत। स्थित बरखेड़ा कस्बे से कानून को हाथ में लेने का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां मोबाइल चोरी के शक में एक दुकानदार ने युवक को कमरे में बंधक बनाकर डंडों से जमकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
कीपैड फोन खरीदने आया था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार, युवक कस्बे की 'बृजेश मोबाइल शॉप' पर एक साधारण कीपैड फोन खरीदने पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान उसने मौका पाकर काउंटर पर रखा करीब 26 हजार रुपये की कीमत का टचस्क्रीन स्मार्टफोन चोरी कर लिया। यह पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
कानून हाथ में लेकर कमरे में बंद कर पीटा
सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद दुकानदार ने युवक को पकड़ लिया। हालांकि, उसने मामले की सूचना पुलिस को देने के बजाय खुद ही सजा देने का फैसला किया। दुकानदार ने युवक को एक कमरे में बंधक बना लिया और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरी घटना का वीडियो रिकॉर्ड कर इंटरनेट पर प्रसारित कर दिया।
पुलिस ने लिया संज्ञान, दोनों पक्षों पर होगी कार्रवाई
बुधवार सुबह करीब 10 बजे वीडियो वायरल होते ही बरखेड़ा थाना पुलिस हरकत में आई। बरखेड़ा थाना अध्यक्ष सत्येंद्र कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए बताया कि वायरल वीडियो की गहनता से जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीसीटीवी फुटेज और पिटाई के वायरल वीडियो दोनों के आधार पर निष्पक्ष जांच कर दोनों पक्षों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।