p। जहानाबाद कोतवाली क्षेत्र में गेहूं की बोआई के दौरान खेत में रोटावेटर में उलझे बिजली के तार को हटाने पहुंचे युवक की करंट लगने से दर्दनाक मौत हो गई। गंभीर रूप से झुलसे युवक को परिजन जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, बरेली जिले के गांव कटका निवासी भवनेश जहानाबाद क्षेत्र के गांव सरौली में अपने रिश्तेदार बबलू के यहां आया हुआ था। शुक्रवार को वह खेत में गेहूं की बोआई करवा रहा था। इसी दौरान खेत में पड़ा बिजली का तार रोटावेटर में उलझ गया। भवनेश तार को निकालने के लिए आगे बढ़ा और उसे हटाने लगा। तभी अचानक तार में करंट उतर आया, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से झुलसकर जमीन पर गिर पड़ा।
खेत में मौजूद रिश्तेदारों ने आनन-फानन उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया, लेकिन काफी प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
अस्पताल से सूचना मिलने पर जहानाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर गई थी। मृतक के परिजनों की ओर से इस मामले में किसी के खिलाफ कोई शिकायत या आरोप नहीं लगाए गए हैं।