पीलीभीत। ठेले, रेहड़ी और खोमचे वालों के कथित उत्पीड़न तथा अतिक्रमण हटाओ अभियान में भेदभाव के विरोध में शुक्रवार को हिन्दू महासभा ने जिला प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सिटी मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में संगठन ने आरोप लगाया कि अतिक्रमण अभियान के नाम पर गरीबों के रोजगार को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े दुकानदारों के अतिक्रमण पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती। संगठन ने ठेले-रेहड़ी वालों के लिए स्थायी वेंडिंग जोन बनाने, पूर्व में चिह्नित स्थानों को जल्द शुरू कराने और बिना उचित नोटिस सामान जब्त न करने की मांग की।
इसके साथ ही चूने वाली गली, रामस्वरूप पार्क, मिर्च मंडी, जेपी रोड, गुड़ मंडी और लोहा मंडी में निष्पक्ष अतिक्रमण अभियान चलाने, अवैध वसूली की जांच कराने तथा पार्किंग व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग भी उठाई।
जिलाध्यक्ष पं. पंकज शर्मा ने कहा कि प्रशासन गरीबों को हटाने के बजाय पहले उनके रोजगार की उचित व्यवस्था करे। उन्होंने कहा कि संगठन गरीब और मेहनतकश लोगों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा।
ज्ञापन देने वालों में आयुष सक्सेना, सुनील कश्यप, जितेंद्र मौर्य, विकास सोनकर, करन आनंद, योगी गंगवार, सर्वेश कश्यप, नरेंद्र श्रीवास्तव, बिंदु सिंह, मेनका पाठक और मीना शर्मा सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।