पीलीभीत। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और सेवा को समर्पित सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत बुधवार को शहर में भव्य 'सेवा ज्योति यात्रा' निकाली गई।
भाजपा जिलाध्यक्ष गोकुल प्रसाद मौर्य के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने हाथों में जलती हुई मशालें लेकर शहर की मुख्य सड़कों पर भ्रमण किया। यात्रा के दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला और उन्होंने सेवा, समर्पण तथा संगठन की भावना के साथ अभियान में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई।
मशालों के साथ निकली इस आकर्षक यात्रा ने शहरवासियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। कार्यक्रम के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री मोदी के सेवा और विकास के संदेश तथा अभियान के उद्देश्यों को जन-जन तक पहुँचाने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर संगठन और सरकार के कई प्रमुख चेहरे मौजूद रहे। यात्रा में मुख्य रूप से जिला प्रभारी हर्षवर्धन आर्य, राष्ट्रीय परिषद सदस्य सुरेश गंगवार, प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान, बीसलपुर विधायक विवेक कुमार वर्मा, पूर्व विधायक किशनलाल राजपूत तथा नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. आस्था अग्रवाल सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।