रुड़की / मंगलौर:
उत्तराखंड के रुड़की तहसील अंतर्गत नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में बिना नक्शे और एनओसी के धड़ल्ले से बन रहे अवैध कमर्शियल गेस्ट हाउस की खबर प्रमुखता से दिखाना एक पत्रकार को भारी पड़ गया है। आरोप है कि निष्पक्ष पत्रकारिता करते हुए सच सामने लाने पर निर्माणकर्ताओं की तरफ से पत्रकार को व्हाट्सएप कॉल कर के न केवल अश्लील गालियां दी गईं, बल्कि घर से उठवाकर जान से मारने की खुली धमकी भी दी गई है।
क्या है पूरा मामला?
मिली जानकारी के अनुसार, थाना पिरान कलियर क्षेत्र के ग्राम नगला इमरती निवासी अब्बास पुत्र साधक तथा आजम व असलम पुत्रगण आलम द्वारा नगर पंचायत क्षेत्र में बिना किसी स्वीकृत मानचित्र और अग्निशमन (Fire NOC) व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड जैसे वैधानिक प्रमाण पत्रों के एक विशाल कमर्शियल गेस्ट हाउस का अवैध निर्माण कराया जा रहा है।
AIMA मीडिया के रिपोर्टर एवं पत्रकार सलीम अंसारी ने जब अपने पेशेवर दायित्व का निर्वहन करते हुए इस अवैध निर्माण और सुरक्षा मानकों की अनदेखी से जुड़ी खबर को प्रमुखता से कवर किया, तो निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया।
व्हाट्सएप कॉल पर दी धमकी और अश्लील गालियां
समाचार प्रसारित होने से बौखलाए आरोपी असलम पुत्र आलम ने बीती 13 अक्टूबर 2026 की रात्रि को लगभग 9:00 बजे पत्रकार सलीम अंसारी के मोबाइल पर व्हाट्सएप कॉल की। आरोप है कि फोन उठाते ही अभियुक्त ने पत्रकार को मां-बहन की बेहद भद्दी और अश्लील गालियां दीं। साथ ही धमकी दी कि "तूने हमारे गेस्ट हाउस की न्यूज़ कैसे बनाई? तुझे घर से उठवाकर जान से मार देंगे, जिंदा नहीं छोड़ेंगे।"
लोकतंत्र के चौथे स्तंभ पर हमला, पत्रकारों में रोष
एक तरफ जहां क्षेत्र में नियमों को ताक पर रखकर अवैध निर्माण किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रशासनिक कार्रवाई से बचने के लिए अब पत्रकारों को इस तरह खुलेआम धमकियां मिलना गंभीर चिंता का विषय बन गया है। इस घटना से पत्रकार और उनके परिवार में भारी दहशत का माहौल है।
घटना के संबंध में पीड़ित पत्रकार सलीम अंसारी की ओर से थाना कोतवाली मंगलौर में नामजद लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपी असलम और उसके सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज कर तत्काल कड़ी कानूनी कार्रवाई करने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है।