नानपारा/बहराइच। भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (SSB) और उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने ग्राम सहोनी, पोस्ट बलाइगांव, थाना मोतीपुर क्षेत्र में एक महिला के कब्जे से 32.17 ग्राम संदिग्ध स्मैक बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर 2026 को कमांडेंट कैलाश चंद रमोला के दिशा-निर्देशन में विशिष्ट खुफिया सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान संदिग्ध स्मैक के अलावा ₹8,910 भारतीय मुद्रा, 45 नेपाली रुपये, एक आईटेल कीपैड मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मशीन भी बरामद की गई।
यह कार्रवाई निरीक्षक सुरेन्द्र पाल के नेतृत्व में SSB के जवानों तथा नारकोटिक डिटेक्टिव डॉग 'मिचू' की मदद से की गई। महिला की तलाशी महिला पुलिस कर्मियों द्वारा कानूनी प्रावधानों और गरिमा का ध्यान रखते हुए ली गई।
प्रारंभिक पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर मादक पदार्थ की खरीद और स्थानीय स्तर पर बिक्री से जुड़ी जानकारी दी। आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए महिला और बरामद सामान को थाना मोतीपुर पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
59वीं वाहिनी SSB ने स्पष्ट किया है कि सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए स्थानीय पुलिस एवं संबंधित एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेगा।