जिले मे चल रही सुखे की पृष्ठभूमि में पशुधन के लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी डॉ. मैनाक घोष ने पुण्यश्लोक अहिल्यादेवी भेड़ एवं बकरी विकास प्रक्षेत्र, रांजणी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने चारा उत्पादन के लिए उपलब्ध भूमि का निरीक्षण किया। साथ ही चारा फसलों की बुवाई की योजना, उसके क्रियान्वयन तथा पशुपालकों को चारा उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे उपायों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने प्रक्षेत्र में संचालित अजोला उत्पादन परियोजना का भी निरीक्षण किया।
इसके अलावा जिलाधिकारी ने करौली टी गांव के किसान शंकर वसंत बर्गे के मुक्त संचार पशुशाला, अजोला उत्पादन एवं हाइड्रोपोनिक यूनिट का भी दौरा किया। इस अवसर पर तहसीलदार अर्चना कपसे, पशुसंवर्धन उपायुक्त डॉ. अजयनााथ थोरे, प्रक्षेत्र प्रबंधक डॉ. सचिन धडस सहित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।
वर्तमान में जिले में पर्याप्त मात्रा में चारा उपलब्ध है। हालांकि, भविष्य में संभावित चारा संकट को ध्यान में रखते हुए सूखे जैसी परिस्थिति में पशुधन के लिए पर्याप्त चारे की व्यवस्था करना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिलाधिकारी ने प्रक्षेत्र में चारा उत्पादन के लिए उपलब्ध भूमि का प्रत्यक्ष निरीक्षण किया और प्रस्तावित कार्यों की जानकारी ली।
अजोला उत्पादन से पशु आहार पर होने वाले खर्च में बचत
प्रक्षेत्र में संचालित अजोला उत्पादन परियोजना का जिलाधिकारी डॉ. मैनाक घोष ने विशेष रूप से निरीक्षण किया। अजोला पानी की सतह पर उगने वाला हरा पौधा है, जिसका उपयोग पशुधन के लिए पौष्टिक पूरक चारे के रूप में किया जाता है। इसमें लगभग 25 से 30 प्रतिशत प्रोटीन पाया जाता है, इसलिए पशुओं के आहार में इसका समावेश उपयोगी माना जाता है।
अजोला का उपयोग बकरियों, भेड़ों, गायों, भैंसों के साथ-साथ मुर्गियों के आहार में भी किया जाता है। पशुओं को प्रतिदिन लगभग 200 से 250 ग्राम अजोला दिया जा सकता है। इससे पशु आहार का पोषण स्तर बेहतर बनाने में मदद मिलती है। साथ ही नियमित पशु आहार एवं खुराक पर होने वाले खर्च को कम करने में भी सहायता मिलती है। परिणामस्वरूप पशुपालकों की उत्पादन लागत घटने और आर्थिक बचत होने की संभावना रहती है।
इस प्रक्षेत्र में उत्पादित अजोला आसपास के पशुपालकों को 150 रुपये प्रति किलो की दर से बेचा जाता है। इससे स्थानीय पशुपालकों को पौष्टिक पूरक चारा उपलब्ध हो रहा है। कम जगह और पानी के माध्यम से उत्पादित किए जा सकने वाले इस चारे की उपयोगिता के बारे में भी जिलाधिकारी को जानकारी दी गई।
ऊन से विभिन्न उपयोगी वस्तुएं बनाने वाले यूनिट का निरीक्षण
इस दौरे के दौरान जिलाधिकारी डॉ. मैनाक घोष ने प्रक्षेत्र में भेड़ों की ऊन से विभिन्न वस्तुएं तैयार करने वाले उत्पादन यूनिट का भी निरीक्षण किया। भेड़पालन से प्राप्त ऊन पर प्रक्रिया कर उससे विभिन्न उपयोगी वस्तुएं बनाने के कार्य का उन्होंने जायजा लिया। इस अवसर पर यूनिट की उत्पादन प्रक्रिया, तैयार की जाने वाली वस्तुओं तथा वहां उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी गई।
खरशिंग में किसानों को चारा फसलों के बीज वितरित
इस बीच, चारा विकास कार्यक्रम के अंतर्गत खरशिंग में किसानों को चारा फसलों के बीज वितरित किए गए। सूखे की संभावित स्थिति को ध्यान में रखते हुए किसानों को उपलब्ध कृषि भूमि में चारा फसलों की बुवाई कर पशुधन के लिए चारा उत्पादन बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।
चारा फसलों के बीज वितरण से किसानों को चारा उत्पादन के लिए प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही भविष्य में संभावित चारा संकट से निपटने और पशुधन के लिए पर्याप्त चारे की उपलब्धता सुनिश्चित करने में भी यह पहल सहायक साबित हो सकती है।