जनगणना कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतें, त्रुटि एवं दोहराव की स्थिति से बचें-सीडीओ दिनांक 31 अक्टूबर 2026 प्रतापगढ़। मुख्य विकास अधिकारी डॉ. राममोहन मीना की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जनगणना-2027 के सफल एवं सुचारु संचालन के संबंध में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना कार्य से जुड़े चार्ज अधिकारियों तथा आवासीय विद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक के प्रारंभ में उपस्थित अधिकारियों एवं आवासीय विद्यालयों के प्रतिनिधियों का परिचय प्राप्त किया गया। इसके उपरांत जनगणना-2027 के महत्व एवं इसके सफल संचालन के लिए आवश्यक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। सीडीओ ने कहा कि जनगणना देश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के प्रभावी निर्माण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसलिए सभी संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का पूरी जिम्मेदारी, गंभीरता एवं आपसी समन्वय के साथ निर्वहन करें। बैठक में जनगणना के द्वितीय चरण के अंतर्गत प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों के लिए संचालित प्रशिक्षण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा की गई। सीडीओ ने निर्देशित किया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम निर्धारित समय सारिणी के अनुसार अनिवार्य रूप से पूरा कराया जाए। सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के साथ प्रशिक्षण के दौरान उन्हें जनगणना से संबंधित दायित्वों, प्रक्रियाओं एवं आवश्यक सावधानियों की जानकारी विस्तार से दी जाए। उन्होंने प्रशिक्षण की गुणवत्ता, उपस्थिति एवं कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा गया कि जनगणना कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो तथा सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं।
आवासीय विद्यालयों के प्रतिनिधियों के साथ हुई चर्चा में विद्यालयों में निवासरत विद्यार्थियों एवं अन्य संबंधित व्यक्तियों की जनसंख्या गणना की प्रक्रिया पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। विद्यालयों में उपलब्ध छात्रावास, आवासीय व्यवस्था तथा वहां निवासरत व्यक्तियों से संबंधित आवश्यक सूचनाओं के संकलन के संबंध में निर्देश दिए गए। सीडीओ ने विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि जनगणना कार्य में नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए तथा मांगे जाने वाले अभिलेख एवं सूचनाएं समय से उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि गणना के दौरान किसी व्यक्ति की गणना छूटने अथवा एक ही व्यक्ति की दोबारा गणना होने की स्थिति नहीं आनी चाहिए। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रतिनिधियों से जनगणना-2027 के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए समयबद्ध, त्रुटिरहित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न कराने की अपेक्षा की। साथ ही आपसी समन्वय बनाए रखते हुए कार्यों की नियमित समीक्षा एवं निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) प्रेमचन्द मौर्य, अवर प्रभारी अधिकारी जनगणना सहित संबंधित अधिकारी एवं आवासीय विद्यालयों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।