विदिशा , 6 अक्टूबर। जिला खेल परिसर में मंगलवार को 70वीं राज्य स्तरीय शालेय मलखंभ एवं वॉलीबॉल प्रतियोगिता का उत्साह और खेल भावना से भरे माहौल में भव्य शुभारंभ हुआ। स्कूल शिक्षा विभाग के तत्वावधान में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में प्रदेशभर से आए 450 से अधिक खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य अतिथि विदिशा विधायक मुकेश टंडन ने दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के पूजन के साथ किया। आयोजन की शुरुआत माधवगंज से निकली आकर्षक खेल रैली से हुई। रैली में प्रदेश के विभिन्न संभागों से आए खिलाड़ियों ने अपने-अपने संभाग की तख्तियां और ध्वज हाथों में लेकर मार्च पास्ट किया।
रैली के माध्यम से खिलाड़ियों ने स्वच्छता, नशा मुक्ति और खेलों के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। माधवगंज से शुरू हुई रैली शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तक पहुंची, जहां से खिलाड़ियों को व्यवस्थित रूप से प्रतियोगिता स्थल तक ले जाया गया।
खेल युवाओं के सर्वांगीण विकास का माध्यम : विधायक
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए विधायक मुकेश टंडन ने कहा कि खेल आज युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुके हैं। खिलाड़ियों की मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश और प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि प्रतियोगिताएं केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने का अवसर भी हैं। विधायक ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों के बीच उपस्थित रहकर उनका मार्गदर्शन करने की बात कही।
10 संभागों के खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार ने कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगिता की रूपरेखा एवं आगामी आयोजनों की जानकारी दी। मीडिया प्रभारी पंकज भार्गव ने बताया कि राज्य स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 10 संभागों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। वहीं मलखंभ प्रतियोगिता में शहडोल संभाग को छोड़कर शेष सभी संभागों के खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
प्रतियोगिता में 450 से अधिक खिलाड़ी शामिल हैं। खिलाड़ियों के साथ आए कोच एवं अन्य स्टाफ के ठहरने के लिए कामधेनु मंगल वाटिका, सम्राट गार्डन एवं हरदौल गार्डन में आवासीय व्यवस्थाएं की गई हैं। वहीं कामधेनु गार्डन में खिलाड़ियों और कोचों के लिए विशाल कॉमन मेस की व्यवस्था की गई है।
उद्घाटन समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष प्रीति राकेश शर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी एनके अहिरवार, नोडल अधिकारी एसपी सिंह जाटव, जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रशांत रघुवंशी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, गणमान्य नागरिक, खेल प्रशिक्षक एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे।
विदिशा में आयोजित यह राज्य स्तरीय प्रतियोगिता आने वाले दिनों में खेल प्रतिभाओं के प्रदर्शन का प्रमुख मंच बनेगी। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों में अनुशासन, प्रतिस्पर्धा और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने का उत्साह देखने को मिल रहा है।