नानपारा (बहराइच)। प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया (पीसीआई) के 15वें कार्यकाल के लिए केंद्र सरकार द्वारा नामित सदस्यों में सैयद रज़ा हुसैन रिज़वी का नाम शामिल होने पर क्षेत्र के पत्रकारों में खुशी की लहर दौड़ गई है। रज़ा रिज़वी को वर्किंग जर्नलिस्ट्स—एडिटर्स श्रेणी में दोबारा सदस्य बनाया गया है।
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने 7 अक्टूबर 2026 को अधिसूचना जारी कर प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया का पुनर्गठन किया। इसमें कुल 13 कार्यरत पत्रकारों को नामित किया गया है, जिनमें छह संपादक श्रेणी और सात अन्य कार्यरत पत्रकार श्रेणी के सदस्य शामिल हैं। संपादक श्रेणी में प्रदीप कुमार जैन, सैयद रज़ा हुसैन रिज़वी, अंकुर दुआ, अपर्णा शुक्ला, राज परवाना/नरेंद्र सिंह और विनोद बाजपेयी के नाम शामिल हैं। परिषद की अध्यक्षता सेवानिवृत्त जस्टिस रंजना प्रकाश देसाई कर रही हैं।
नानपारा के पत्रकार वसीम हसन राजा ने रज़ा रिज़वी को बधाई देते हुए कहा कि उनके अनुभव से पत्रकारों के हितों, प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा से जुड़े मुद्दों को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने में मदद मिलेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनके नेतृत्व में पत्रकारिता के मूल सिद्धांतों को और मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर एमसईद, अभिलाष श्रीवास्तव, अंकित पांडेय, अरविंद आर्य, अय्यूब अंसारी, मोहम्मद इरशाद, डॉ. अब्दुल खबीर, मिर्जा आसिफ बेग उर्फ लड्डे मिर्जा, पुनीत श्रीवास्तव, राशिद अली, संदीप अग्रवाल, संजय कुमार द्विवेदी, सरफराज सिद्दीकी, सत्य प्रकाश गुप्ता, शहाबुद्दीन खान, विनोद द्विवेदी, विनोद जायसवाल, विवेक श्रीवास्तव सहित क्षेत्र के कई अन्य पत्रकारों ने रज़ा रिज़वी को बधाई दी और सफल कार्यकाल की कामना की।
गौरतलब है कि रज़ा रिज़वी पहले भी प्रेस काउंसिल ऑफ इंडिया के सदस्य रह चुके हैं। क्षेत्र के पत्रकारों का मानना है कि उनकी दोबारा सदस्यता से स्थानीय और क्षेत्रीय पत्रकारिता के मुद्दों को राष्ट्रीय मंच पर बेहतर प्रतिनिधित्व मिलेगा।