नानपारा, दिनांक 06 अक्टूबर 2026।
मादक पदार्थों की तस्करी एवं अवैध गतिविधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में श्री कैलाश चन्द रमोला, कमांडेंट, 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, नानपारा के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में 59वीं वाहिनी द्वारा सीमा क्षेत्र में सतर्कता एवं निगरानी को निरंतर सुदृढ़ किया जा रहा है।
इसी क्रम में दिनांक 06.10.2026 को विश्वसनीय आसूचना के आधार पर बीओपी बलाइगांव, 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एवं थाना मोतीपुर, उत्तर प्रदेश पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा भारत-नेपाल सीमा के अच्कवा क्षेत्र (भारत पक्ष) में नाका ड्यूटी लगाई गई।
लगभग 2220 बजे नाका दल द्वारा भारत से नेपाल की ओर जाते हुए एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में देखा गया। रुकने का संकेत दिए जाने पर उसके द्वारा भागने का प्रयास किया गया, जिसे संयुक्त टीम द्वारा पीछा कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसकी पहचान सुभाष कुमार थारू, उम्र 31 वर्ष, निवासी जिला बर्दिया, लुम्बिनी, नेपाल के रूप में हुई।
नियमानुसार तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 25.9 ग्राम संदिग्ध स्मैक बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में उक्त व्यक्ति द्वारा मादक पदार्थ को बलाइगांव क्षेत्र में किसी अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त किए जाने की जानकारी दी गई।
बरामद संदिग्ध मादक पदार्थ एवं गिरफ्तार व्यक्ति को आवश्यक कानूनी एवं प्रक्रियात्मक कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत आगे की जांच एवं विधिक कार्रवाई हेतु थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच के सुपुर्द कर दिया गया।
इस संयुक्त कार्रवाई में 59वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल एवं उत्तर प्रदेश पुलिस के कार्मिकों ने समन्वित रूप से महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सीमा क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी एवं अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम हेतु सशस्त्र सीमा बल द्वारा सतर्कता, निगरानी एवं संयुक्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।