माचलपुर में धूमधाम से मनाया महाराजा अग्रसेन का जन्मोत्सव
पांच दिवसीय महोत्सव में खेलकूद और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रही धूम, 51 फीट की चुनरी लेकर निकलीं महिलाएं, मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान
राजगढ़ माचलपुर: (ब्यूरो चीफ निखिल गोयल) के नगर में अग्रवाल समाज द्वारा महाराजा अग्रसेन का जन्मोत्सव बड़े ही धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान विभिन्न खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें समाज की महिलाओं, युवाओं और युवतियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जयंती के अवसर पर महाराजा अग्रसेन की भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी।
शोभायात्रा में महाराजा अग्रसेन की आकर्षक झांकी सजाई गई थी। समाजजनों ने महाराजा अग्रसेन का पूजन-अर्चन कर आरती की। शोभायात्रा में महिलाएं 51 फीट लंबी चुनरी लेकर चल रही थीं, जो आकर्षण का प्रमुख केंद्र रही। वहीं, वाद्ययंत्रों की मधुर धुन पर भजन प्रस्तुत करते कलाकारों ने माहौल को भक्तिमय बना दिया। भजनों की धुन पर महिला-पुरुष नृत्य करते हुए आगे बढ़ रहे थे।
मावलिया माता मंदिर में चढ़ाई चुनरी
शोभायात्रा समाज की कुलदेवी मावलिया माता मंदिर पहुंची, जो डूंगरी रोड पर स्थित है। यहां समाजजनों ने माता को 51 फीट की चुनरी अर्पित कर पूजन-अर्चन एवं आरती की। इसके बाद समाज की धर्मशाला में महाराजा अग्रसेन की आरती की गई। समाज अध्यक्ष द्वारा ध्वजारोहण भी किया गया।
महासभा में लिए समाजहित के निर्णय
जन्मोत्सव के अवसर पर दोपहर में समाज की महासभा आयोजित की गई। इसमें मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान किया गया। साथ ही समाज के विकास एवं हित से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय सर्वसम्मति से लिए गए।
पांच दिवसीय महोत्सव के दौरान खेलकूद और सांस्कृतिक आयोजनों ने समाजजनों को एकजुट होने का अवसर दिया। देर रात ‘तोलमोल के बोल’ गेम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के अंत में विजेताओं को पुरस्कार वितरित किए गए।