हरदोई। क्षेत्राधिकारी शाहाबाद सर्किल संतोष कुमार सिंह अपने कार्यालय में आने वाले फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के लिए लगातार सक्रिय नजर आ रहे हैं। सोमवार को उन्होंने चेंबर से बाहर निकलकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित मामलों में तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसी दौरान थाना पचदेवरा क्षेत्र से एक बुजुर्ग महिला अपनी शिकायत लेकर सीओ कार्यालय पहुंचीं। महिला के सिर में चोट लगी थी और सिर पर पट्टी बंधी हुई थी। महिला की हालत देखकर सीओ संतोष कुमार सिंह ने संवेदनशीलता दिखाते हुए पहले उसकी पूरी बात सुनी और उसे भरोसा दिलाया कि मामले में लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
सीओ ने बुजुर्ग महिला से कहा, “अम्मा, आप थाने जाइए, हम अभी फोन कर रहे हैं। आपका मुकदमा तत्काल लिखा जाएगा।” इसके बाद उन्होंने तत्काल संबंधित थाना प्रभारी को फोन कर मामले की जानकारी दी और मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए।
सीओ की इस कार्यशैली से फरियादियों में भरोसा दिखाई दिया। कार्यालय आने वाले पीड़ितों की समस्याएं सुनकर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने की उनकी पहल से लोगों को त्वरित न्याय की उम्मीद बढ़ी है।
क्षेत्राधिकारी संतोष कुमार सिंह का कहना है कि पीड़ित व्यक्ति को अपनी समस्या लेकर भटकना न पड़े, इसके लिए शिकायतों को गंभीरता से सुना जा रहा है और पात्र मामलों में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।