रिपोर्ट वसीम हसन राजा, पत्रकार | नानपारा, बहराइच।
नगर पालिका परिषद नानपारा के वार्ड नंबर 25 स्थित मोहल्ला पुरानी बाजार की चूड़ी वाली गली में सड़क पर अतिक्रमण के चलते स्थानीय लोगों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यह रास्ता पुराने कोऑपरेटिव बैंक से पप्पू सभासद के घर तक जाता है। प्रतिदिन सैकड़ों लोग इसी रास्ते से आवागमन करते हैं।
यह मार्ग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय और बाजार जाने के लिए भी महत्वपूर्ण है। वहीं रामलीला चबूतरा और पुरानी बाजार के लोग भी इसी रास्ते से होकर मुख्य मार्ग तक पहुंचते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि नगर पालिका की सार्वजनिक सड़क पर कुछ लोगों ने गाटर डालकर और घोड़े बांधकर अतिक्रमण कर रखा है। इससे रास्ता संकरा हो गया है और राहगीरों, स्कूली बच्चों तथा मरीजों को आने-जाने में परेशानी होती है। घोड़ों को बांधने और रास्ते में सामान रखने से किसी भी समय दुर्घटना होने की आशंका बनी रहती है।
बताया जाता है कि इस संबंध में नगर पालिका परिषद के अधिकारियों से मौखिक शिकायत भी की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। स्थानीय लोगों का यह भी आरोप है कि अतिक्रमण हटाने की बात करने पर कुछ लोग दबंगई दिखाते हैं, जिससे विवाद और मारपीट की आशंका बनी रहती है।
अब सवाल यह है कि क्या नगर पालिका परिषद नानपारा किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रही है? आखिर सार्वजनिक सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराना नगर पालिका की जिम्मेदारी है या नहीं?
स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कर सड़क से अवैध अतिक्रमण हटाया जाए और आम जनता के लिए रास्ते को पूरी तरह सुगम बनाया जाए।