हर घर तिरंगा अभियान के तहत गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में 11 अगस्त को निकलेगी तिरंगा बाइक रैली,
कलेक्टोरेट परिसर से पुलिस कंट्रोल रूम थाना गौरेला तक होगा आयोजन, समाज के सभी वर्गों से सहभागिता की अपील,

सूरज यादव,गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। 10 अगस्त 2026/ स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिले में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत 11 अगस्त को तिरंगा बाइक रैली का आयोजन किया गया है। रैली में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की गई है।
तिरंगा बाइक रैली 11 अगस्त को शाम 4 बजे कलेक्टोरेट परिसर से प्रारंभ होकर दुर्गा चौक पेंड्रा होते हुए पुलिस कंट्रोल रूम थाना गौरेला तक जाएगी। रैली के माध्यम से नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान, देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता एवं भाईचारे की भावना को मजबूत करने का संदेश दिया जाएगा।जिला प्रशासन ने जिले के जनप्रतिनिधियों, मीडिया, अधिकारी-कर्मचारियों, युवाओं, विद्यार्थियों, महिलाओं, व्यापारियों, सामाजिक एवं स्वयंसेवी संगठनों, विभिन्न समुदायों तथा समाज के सभी वर्गों के नागरिकों से हेलमेट के साथ बाइक-स्कूटी रैली में उत्साहपूर्वक सहभागिता करने की अपील की है। ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति गौरव और सम्मान की सामूहिक अभिव्यक्ति है। जिलेवासी अपनी सक्रिय सहभागिता से इस अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप प्रदान करें और स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय पर्व को पूरे उत्साह एवं गरिमा के साथ मनाएं।