‘बाप्पा डॉट आरजी’ पोर्टल पर अब अपने घर या गणपति मंडल में मनाए जाने वाले गणेशोत्सव की परंपरा का पंजीकरण कर महाराष्ट्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के डिजिटल दस्तावेजीकरण अभियान में सहभागी बनने का आह्वान महानगरपालिका की ओर से किया गया है।
इस पोर्टल पर पंजीकरण करने वाले नागरिकों और गणपति मंडलों को ‘डिजिटल कल्चरल प्रिजर्वर सर्टिफिकेट’ प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा।
महाराष्ट्र की सांस्कृतिक अस्मिता, सामाजिक एकता और जनभावना का प्रतीक गणेशोत्सव को राज्य सरकार ने ‘राज्य महोत्सव’ घोषित किया है। गणेशोत्सव का वैश्विक स्तर पर डिजिटल दस्तावेजीकरण हो तथा गणेशोत्सव को ‘अमूर्त सांस्कृतिक विरासत’ का दर्जा दिलाने के अभियान को मजबूती मिले, इसी उद्देश्य से राज्य सरकार के सांस्कृतिक कार्य विभाग की ओर से व्यापक जनसहभागिता के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है।
इस पहल में महानगरपालिका क्षेत्र के नागरिकों और गणपति मंडलों से बड़ी संख्या में सहभागी होने का आह्वान महानगरपालिका की ओर से किया गया है।