रुड़की / हरिद्वार:
उत्तराखंड के रुड़की तहसील अंतर्गत आने वाले नगर पंचायत पिरान कलियर क्षेत्र में प्रशासनिक नियमों और कानूनों की धज्जियां उड़ाते हुए एक बड़े अवैध कमर्शियल गेस्ट हाउस का निर्माण धड़ल्ले से जारी है। हैरानी की बात यह है कि बिना किसी स्वीकृत नक्शे/ब्लूप्रिंट फायर एनओसी और प्रशासनिक अनुमति के यह निर्माण किया जा रहा है।
सूत्रों और प्राप्त शिकायतों के अनुसार, इस अवैध कमर्शियल बिल्डिंग का निर्माण ग्राम नगला इमरती निवासी अब्बास पुत्र साधक और आजम पुत्र आलम द्वारा कराया जा रहा है। क्षेत्र में चर्चा है कि बिना किसी वैध दस्तावेज के चल रहे इस निर्माण कार्य को लेकर जब सवाल उठाए गए, तो निर्माणकर्ताओं ने कानून की परवाह न करते हुए यह दावा किया कि उन्हें एक स्थानीय पार्षद (उपनाम 'बाबा') का खुला संरक्षण प्राप्त है और उन्हीं की कथित अनुमति से यह अवैध कार्य किया जा रहा है।
सुरक्षा मानकों और कानूनों का खुला उल्लंघन
जानकारों के मुताबिक, नगर पंचायत सीमा के भीतर किसी भी व्यावसायिक (कमर्शियल) भवन के निर्माण के लिए उत्तराखंड नगर पालिका अधिनियम के तहत सक्षम प्राधिकारी से नक्शा पास कराना और अग्निशमन समेत तमाम विभागों की एनओसी लेना अनिवार्य है। इसके बावजूद, नियमों को ताक पर रखकर बनाए जा रहे इस गेस्ट हाउस से भविष्य में किसी बड़े हादसे या जनहानि की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल
बिना नक्शे के इतने बड़े पैमाने पर कमर्शियल निर्माण होने से जहां एक ओर शासन को राजस्व का भारी चूना लग रहा है, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर भारी रोष है कि आखिर स्थानीय प्रशासन और नगर पंचायत इस गंभीर अवैध गतिविधि पर आंखें मूंदकर क्यों बैठा है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अब स्थानीय स्तर पर सक्षम अधिकारियों व एसडीएम रुड़की को कानूनी धाराओं के तहत विस्तृत शिकायत भेजकर तत्काल प्रभाव से निर्माण कार्य रुकवाने, सीलिंग की कार्रवाई करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त दंडात्मक कदम उठाने की मांग की गई है। देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कब तक और क्या कड़ा कदम उठाता है।
पिरान कलियर में नियमों को ताक पर रखकर बन रहा अवैध गेस्ट हाउस, स्थानीय पार्षद की शह पर निर्माण का दावा!
13 October 2026
•
Mohammed Salim Ansari
•
3 Min Read
•
46 Views
Published:
13 October 2026, 12:18 AM
Last Updated:
13 October 2026, 03:37 AM
M
By Mohammed Salim Ansari
Kaliyar Sharif, Haridwar UttarakhandPost a Comment
Your comment will be published after review and approval by the administrator.