रिपोर्टर -मुरारी कुमार
जिला -लखीसराय
राज्य -बिहार
एचआईवी/एड्स पर जागरूकता जरूरी, भेदभाव खत्म करने पर जोर सदर अस्पताल में संवेदीकरण कार्यक्रम आयोजित

लखीसराय:सदर अस्पताल, लखीसराय में शनिवार को एचआईवी/एड्स एवं सामाजिक सुरक्षा विषय पर संवेदीकरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश सिंह ने की।
कार्यक्रम का उद्देश्य एचआईवी/एड्स के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना, इससे जुड़ी भ्रांतियों को दूर करना तथा मरीजों को उपलब्ध सरकारी योजनाओं और उनके अधिकारों की जानकारी देना था।
अध्यक्षीय संबोधन में डॉ. जयप्रकाश सिंह ने एचआईवी/एड्स के कारण, लक्षण, संक्रमण के तरीके और बचाव के उपायों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि यह एक संक्रामक रोग है, जो असुरक्षित यौन संबंध, संक्रमित सुई के उपयोग, संक्रमित रक्त चढ़ाने तथा संक्रमित मां से शिशु में फैलता है। वहीं, सामान्य संपर्क जैसे साथ बैठना, हाथ मिलाना या भोजन साझा करने से यह रोग नहीं फैलता। उन्होंने समाज में फैली गलत धारणाओं को दूर करने पर विशेष जोर दिया, ताकि संक्रमित व्यक्तियों के साथ किसी प्रकार का भेदभाव न हो।

कार्यक्रम में एचआईवी एवं एड्स (रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम, 2017 के प्रावधानों की भी जानकारी दी गई। बताया गया कि इस कानून के तहत संक्रमित व्यक्तियों को गोपनीयता, उपचार और भेदभाव से सुरक्षा का अधिकार प्राप्त है।
इसके अलावा केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, एआरटी (एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी) सुविधा, निःशुल्क जांच एवं परामर्श सेवाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।
इस मौके पर संचारी रोग पदाधिकारी सह जिला एड्स नियंत्रण पदाधिकारी डॉ. श्री निवास शर्मा, उपाध्यक्ष डॉ. राकेश कुमार, एड्स नियंत्रण पदाधिकारी अरविंद कुमार सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।

















Leave a Reply