गोपनीय दस्तावेजों के दुरुपयोग मामले मे एक दलाल गिरफ्तार,वही 10 थानाध्यक्ष पर कार्रवाई के आदेश

संवाददाता सहरसा बिहार सत्यार्थ न्यूज़
बिहार पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर कोशी क्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक डीआईजी डॉ. कुमार आशीष द्वारा सलखुआ थाना में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस महकमे में दलाली और गोपनीय दस्तावेजों के दुरुपयोग का बड़ा मामला सामने आया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कथित दलाल सतीश कुमार को गिरफ्तार किया, जिसके पास से तीन अलग-अलग थानों की मूल केस डायरी, लैपटॉप सहित अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए गए।इस संबंध में डीआईजी कुमार आशीष ने अपने कार्यालय वेश्म में शुक्रवार को प्रेस वार्ता आयोजित कर मीडियाकर्मियों को उक्त जानकारी प्रदान की।इस अवसर पर आरक्षी अधीक्षक विक्रम सिहाग भी मौजूद रहे।डीआईजी कुमार आशीष ने बताया कि पुलिस मुख्यालय को मिली सूचना के आधार पर डीआईजी ने 2 जुलाई को सलखुआ थाना का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह और कथित दलाल सतीश कुमार के बीच मोबाइल पर बातचीत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस टीम ने गोसपुर मंदिर के समीप छापेमारी कर सतीश कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से लैपटॉप, की-बोर्ड, माउस, चार्जर के अलावा पिपरा, सलखुआ और नवहट्टा थाने की मूल केस डायरी बरामद हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए सलखुआ थाना में कांड संख्या 107/26 दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। साथ ही सिमरी बख्तियारपुर के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मुकेश कुमार ठाकुर के नेतृत्व में विशेष जांच दल एसआईटी का गठन किया गया है। प्रारंभिक जांच में लापरवाही एवं संलिप्तता पाए जाने पर सलखुआ थानाध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह सहित सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले के कुल 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। मामले की विभागीय एवं आपराधिक जांच जारी है। डीआईजी कार्यालय ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी थाना या पुलिस कार्यालय में किसी बाहरी व्यक्ति द्वारा दलाली या अवैध गतिविधि की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पुरी तरह गोपनीय रखी जाएगी तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।













Leave a Reply