Advertisement

महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद का एक दिवसीय धरना,सौंपा ज्ञापन

संवाददाता सहरसा बिहार सत्यार्थ न्यूज़

महंगाई, बेरोजगारी व भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद का एक दिवसीय धरना,सौंपा ज्ञापन

महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार एवं विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर राष्ट्रीय जनता दल ने मंगलवार को सभी प्रखंड मुख्यालय परिसर में एक दिवसीय धरना दिया। धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मुकेश यादव ने की, जबकि संचालन फुलेश्वर यादव ने किया। कार्यक्रम में राजद के प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद चौधरी महबूब अली केसर मुख्य रूप में शामिल हुए। धरना को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद चौधरी महबूब अली केसर ने केंद्र एवं राज्य सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है। खाद्य पदार्थों से लेकर रसोई गैस तक की कीमतों में लगातार वृद्धि हो रही है, जिससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यालयों में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम जनता को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए भी भटकना पड़ रहा है। श्री केसर ने कहा कि युवाओं के भविष्य के साथ भी खिलवाड़ किया जा रहा है। विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आ रही हैं, जिससे मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों का मनोबल टूट रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार जनता की मूल समस्याओं के समाधान के बजाय अपनी उपलब्धियों के प्रचार-प्रसार में अधिक व्यस्त है। धरना के बाद राजद नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने अंचलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में किसानों की फसल क्षति का मुआवजा अविलंब भुगतान कराने, भूमिहीन परिवारों को वासगीत पर्चा उपलब्ध कराने तथा विभिन्न जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की मांग की गई। इसके अलावा दाखिल-खारिज और राजस्व रसीद कटाने में लोगों को हो रही परेशानियों को भी प्रमुखता से उठाया गया। ज्ञापन में कहा गया कि आम नागरिक न्याय के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाने को मजबूर हैं। बेरोजगारी, आर्थिक तंगी और रोजगार के सीमित अवसरों के कारण लोगों का पलायन लगातार बढ़ रहा है। राजद नेताओं ने सरकार से महंगाई, बेरोजगारी, गरीबी, भ्रष्टाचार एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों पर गंभीरता से ध्यान देते हुए शीघ्र प्रभावी कदम उठाने की मांग की। धरना कार्यक्रम में फुलेश्वर यादव, सैयद कैफी अशरफ, हीरा यादव, पप्पू स्वर्णकार, सुभाष यादव, अतिकूर रहमान, भावेश यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित थे।वही सलखुआ प्रखंड में पर्यवेक्षक इंजीनियर कौशल यादव व प्रखंड अध्यक्ष मंटू सदा के द्वारा एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया।इस अवसर पर प्रदेश सचिव अभय कुमार, रतीलाल यादव, महिला जिला अध्यक्ष गुंजन देवी,प्रखंड युवा अध्यक्ष रणवीर कुमार यादव, छात्र प्रखंड अध्यक्ष प्रिंस राज, पंचायत अध्यक्ष तारकेश्वर प्रसाद, पंचायती राज प्रखंड अध्यक्ष संतोष कुमार, जिला उपाध्यक्ष विनोद यादव, सुशील कुमार व सागर यादव सहित अन्य मौजूद रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!