बहराइच
लोहे की रॉड एवं चाकू मारकर की गयी युवक की हत्या
बहराइच रानीपुर थानाक्षेत्र निवासी पंक्चर बनाने वाले युवक की रविवार की देर रात चाकू व लोहे की रॉड से पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सोमवार की सुबह वारदात की सूचना पर फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची थाना प्रभारी ने मौके पर जांच पड़ताल की। वहीं हत्या की जानकारी पर एसपी वृंदा शुक्ला भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिसकर्मियों को त्वरित खुलासे के लिए निर्देशित किया।पंचायत पंडितपुरवा के मजरा कलुआ निवासी वकील अहमद (25) कुट्टी बाजार में साइकिल की दुकान चलाता था। जहां वह पंक्चर बनाने से लेकर साइकिलों की मरम्मत भी करता था। रविवार की रात वह दुकान का काम खत्म कर घर के लिए निकला था। लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इस दौरान सोमवार की सुबह उसका रक्तरंजित शव ग्राम पंचायत जिगनिया छत्रपाल के पास नहर किनारे स्थित अधूरे घर में पड़ा मिला। शव देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस व मृतक के परिजनों को दी। सूचना पर रोते बिलखते परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम के साथ पहुंची थाना प्रभारी आरती वर्मा ने मौके पर जांच की और शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। जल्द खुलासा किया जाएगा।
नहीं थी किसी से दुश्मनी, कहकर बिलख पड़े पिता
मृतक के पिता सुभान अहमद ने बताया कि उनका बेटा वकील अहमद सीधा साधा था और उसकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। पिता ने आरोप लगाया कि किसी ने उसके बेटे की बेदर्दी से हत्या की है। उन्होंने बताया कि वकील के गले के पास चाकू से हमला हुआ और उसे लोहे की रॉड से पीटा गया है। पूरे शरीर पर चोट के निशान हैं और खून से लथपथ था।
मौके पर नहीं मिला मोबाइल व पैसा
मृतक के भाई मोहम्मद आजाद ने बताया कि वकील का गमछा नहर किनारे पड़ा मिला था। इसके बाद अधूरे पड़े घर में शव मिला। भाई ने बताया कि वकील अहमद दुकान बंद कर घर लौट रहा था, ऐसे में. उसके पास पैसे भी रहे होंगे। लेकिन मौके से कोई पैसा नहीं मिला है। वहीं मृतक का मोबाइल भी गायब है














Leave a Reply