(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट नितेश कुमार)
सोनभद्र। विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत घिवही स्थित रेघडा शिव मंदिर के पास नेशनल हाईवे-39 (रीवा-रांची मार्ग) पर शुनिवार सुबह करीब 6 बजे जोरदार सड़क हादसा हो गया। विण्ढमगंज की ओर से आ रही ट्रेलर संख्या HR 46 F 4750 और दुद्धी की ओर से आ रहा आयशर ट्रक संख्या UP65 NT 4472 आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी भीषण थी कि आयशर ट्रक अनियंत्रित होकर शिव मंदिर की बाउंड्री तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा।हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आयशर ट्रक का चालक केबिन में बुरी तरह फंस गया। ग्रामीणों ने तुरंत राहत-बचाव शुरू किया और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक को तत्काल दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है।इस दौरान जोरूखाड़ निवासी प्रकाश यादव ने साहस का परिचय देते हुए स्वयं केबिन में घुसकर चालक को बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई। ग्रामीणों ने उनके इस मानवीय प्रयास की सराहना की है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, समय पर बचाव न होता तो जान का बड़ा खतरा हो सकता था।सूचना मिलते ही विण्ढमगंज पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया। कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन बाधित रहा, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। पुलिस ने प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है।स्थानीय लोगों का कहना है कि दुद्धी-विण्ढमगंज मार्ग पर सड़क किनारे घने पेड़ों और संकरे हिस्सों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। महीने में दो-चार हादसे आम बात हो गई है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से सड़क चौड़ीकरण, पेड़ों की कटाई-छंटाई और सुरक्षा संकेतक लगाने की मांग की है।
लगातार हो रही दुर्घटनाओं ने क्षेत्रवासियों में दहशत पैदा कर दी है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सुरक्षा उपाय नहीं किए गए तो बड़ा हादसा कभी भी हो सकता है।
















Leave a Reply