(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट: नितेश कुमार)
विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत आज दिनांक 21 दिसंबर 2025 को मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने हेतु विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान उपनिरीक्षक श्री शेष नारायण पांडे, मुख्य आरक्षी अरविन्द कुमार एवं महिला कांस्टेबल नेहा गुप्ता द्वारा ग्राम महुवरियां, महुली टहरियां खुली, पोलवां सहित अन्य गांवों का भ्रमण किया गया।
इस दौरान ग्रामीण महिलाओं को नए आपराधिक कानून, यातायात नियमों तथा महिला सुरक्षा से जुड़े विभिन्न प्रावधानों की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने महिलाओं को बताया कि किसी भी आपात स्थिति में वे तुरंत सहायता प्राप्त कर सकती हैं।
महिलाओं को सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर —
1090 (महिला शक्ति हेल्पलाइन), 181, 112, 1098 (बाल सहायता), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन), 108, 102 (स्वास्थ्य सेवाएं) एवं साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 — के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
इसके साथ ही केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित महिला कल्याणकारी योजनाओं जैसे — मातृ वंदन योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, सामूहिक विवाह योजना आदि के प्रति महिलाओं को जागरूक किया गया।
अधिकारियों ने महिलाओं से बाल विवाह, दहेज प्रथा, बाल श्रम, घरेलू हिंसा जैसे संवेदनशील सामाजिक मुद्दों पर संवाद कर उनकी समस्याएं भी सुनीं और समाधान हेतु आवश्यक मार्गदर्शन दिया।
अभियान के दौरान एंटी रोमियो चेकिंग भी की गई तथा संदिग्ध व्यक्तियों को सख्त हिदायत दी गई। पुलिस अधिकारियों ने महिलाओं से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर बिना डर पुलिस से संपर्क करें।
इस जागरूकता अभियान से ग्रामीण महिलाओं में सुरक्षा, अधिकार और आत्मनिर्भरता को लेकर सकारात्मक संदेश देखने को मिला।


















Leave a Reply