विशेष संवाददाता :- राजेन्द्र मंडावी प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत नए हितग्राहियों के पंजीयन में लाएं तेजी कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा की

कांकेर। कलेक्टर निलेश कुमार क्षीरसागर ने आज साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में नागरिकों की समस्याओं और मांगों को लेकर लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रगति की जानकारी ली। कलेक्टर ने बैठक में कहा कि कहा कि सभी जिला स्तरीय अधिकारी मुख्यमंत्री जनचौपाल और जनसमस्या निवारण शिविर में प्राप्त आवेदनों का निराकरण प्राथमिकता के साथ करें। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत 15 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित वर्चुअल कार्यक्रम के जिले में आयोजन हेतु आवश्यक तैयारी के लिए भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि जिले के दूरस्थ अंचलों पुल-पुलिया, सड़क सहित अधोसंरचना विकास के कार्यों एवं जर्जर भवनों के मरम्मत कार्य की स्वीकृति प्राथमिकता के साथ करें। कलेक्टर क्षीरसागर ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत कार्यों की प्रगति की जानकारी लेते हुए नए आवास की स्वीकृति हेतु हितग्राहियों के पंजीयन कार्य में तेजी लाने के निर्देश सभी जनपद सी.ई.ओ. को दिए। कलेक्टर ने वन अधिकार पत्रों के ऑनलाइन अद्यतन कार्य की प्रगति की भी जानकारी लेते हुए सभी एसडीएम को एफआरए का शतप्रतिशत ऑनलाइन अद्यतन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिले के ऐसे पीडीएस भवन जो जर्जर हो चुके हैं, उनका मरम्मत किया जाएगा। उन्होंने इसके लिए खाद्य विभाग के अधिकारियों को जर्जर भवनों की जानकारी के साथ प्रस्ताव भेजने हेतु निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि कोयलीबेड़ा विकासखंड के ग्राम पानीडोबीर में ग्रामीणों की मांग पर धान खरीदी केन्द्र शुरू करने राज्य शासन को प्रस्ताव स्वीकृति हेतु भेजा जाना है। इसके लिए खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि केन्द्र खोलने हेतु स्थल का चयन कर प्रस्ताव प्रस्तुत करें। साथ ही उन्होंने जिले के छोटेबेठिया, दुर्गूकोंदल, बेवरती और सरोना में निर्माणाधीन 200 सीटर आवासीय कन्या आश्रम भवन के कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने हेतु निर्देशित किया। इसके अलावा उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारी और सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि कक्षा 06 से 12वीं तक के जिन विद्यार्थियों का अभी तक जाति प्रमाण पत्र नहीं बना है, उन विद्यार्थियों के लिए शिविर लगाएं। इस अवसर पर डीएफओ आलोक वाजपेयी एवं हेमचंद पहारे, अपर कलेक्टर बीएस उईके तथा जितेन्द्र कुर्रे, जिला पंचायत के सीईओ सुमित अग्रवाल, सभी अनुविभागीय अधिकारी तथा जिला स्तर के अधिकारीगण उपस्थित थे।


















Leave a Reply