न्यूज़ रिपोर्टर जीतेश मीना
जनपद- दौसा
स्थान -बादीकुई
आत्मा योजना में चयनित किसानों को मिलेगा पुरस्कारः कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य पालन, जैविक खेती एवं नवाचारों के लिए होगा चयन, आवेदन 31 अगस्त तक
कृषि उन्नति योजना के कृषि विस्तार पर उप मिशन-विस्तार सुधार कार्यक्रम (आत्मा) योजनान्तर्गत वर्ष 2024-25 के लिए जिले के श्रेष्ठ किसानों को राज्य, जिला तथा पंचायत समिति स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा। उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक नवल किशोर मीना ने बताया कि केंद्र सरकार से हरित क्रान्ति-कृषोन्नति योजनान्तर्गत प्राप्त दिशा-निर्देशानुसार 5 अलग-अलग गतिविधियों यथा- कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन डेयरी व मत्स्य पालन, जैविक खेती एवं नवाचारी खेती आदि गतिविधियों में प्रत्येक गतिविधि वार पंचायत समिति स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले पांच किसानों का चयन कर पुरस्कृत किया जाना है। चयनित किसानों में से जिला स्तर पर प्रत्येक गतिविधि हेतु 2-2 कृषकों का चयन कर पुरस्कृत किया जाएगा। किसानों को पुरस्कार राशि पंचायत समिति स्तर पर 10 हजार रूपए, जिला स्तर पर 25 हजार रूपये एवं राज्य स्तर पर 50 हजार रूपए का प्रावधान है।
उन्होंने बताया कि इसके लिए किसान अपने आवेदन पत्र में नाम, पिता का नाम, निवासी, पंचायत समिति, मोबाईल नंबर, आधार संख्या, बैंक खाता नबंर मय आईएफएससी कोड के साथ, कार्य विवरण या उपलब्धि हेतु अपेक्षित साक्ष्य, दस्तावेज, फोटोग्राफ्स, सीडी, डीवीडी आदि सॉफ्टकॉपी के साथ प्रमाण स्वरूप संलग्न कर प्रस्तुत करें एवं आवेदक कृषक पूर्व के वर्षों में आत्मा योजनान्तर्गत अथवा अन्य किसी भी योजना में किसी भी स्तर पर पुरस्कृत नहीं हो।
किसान आवेदन पत्र 31 अगस्त तक कार्यालय उपनिदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा, दौसा में स्वयं या कृषि विभाग के कृषि पर्यवेक्षक, सहायक कृषि अधिकारी के माध्यम से भिजवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अधिक जानकारी के लिए क्षेत्रीय कृषि पर्यवेक्षक व बीटीटी कन्वीनर एवं सहायक कृषि अधिकारी (विस्तार) या ऑफिस में व्यक्तिश सम्पर्क कर सकते हैं।


















Leave a Reply