खंडार रिपोर्टर भगवान शर्मा जिला सवाईमाधोपुर राजस्थान
“नारी संवाद: सामुदायिक समाधान मंच” कार्यक्रम हेतु आवेदन आमंत्रित
सत्यार्थ न्यूज़- खंडार। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर द्वारा “नारी संवाद: सामुदायिक समाधान मंच” कार्यक्रम के क्रियान्वयन हेतु जिले की चयनित ग्राम पंचायतों में 15 सदस्यीय सामुदायिक मध्यस्थ समूहों के गठन के लिए योग्य महिलाओं से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इन समूहों का गठन एक वर्ष की अवधि के लिए किया जाएगा। इस योजना के अंतर्गत चिलपुरा (सवाई माधोपुर), महुकलां (गंगापुर सिटी), पिपलाई (बामनवास), बांस टोरड़ा (बौंली) एवं बहरावण्डा खुर्द (खण्डार) ग्राम पंचायतों में सामुदायिक मध्यस्थों का चयन किया जाएगा। चयनित मध्यस्थ स्थानीय स्तर पर विवादों के सौहार्दपूर्ण समाधान, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने का कार्य करेंगे।
विशेष पात्रता एवं योग्यता
✅ संबंधित ग्राम पंचायत अथवा ग्राम पंचायत क्षेत्र की महिलाओं के आवेदन को प्राथमिकता दी जाएगी।
✅ अभ्यर्थी को देवनागरी लिपि में हिन्दी पढ़ने एवं लिखने का अच्छा ज्ञान होना आवश्यक है।
✅ अभ्यर्थी मानसिक एवं शारीरिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ हो तथा सामान्य सेवाओं के निर्वहन में बाधा उत्पन्न करने वाला कोई शारीरिक दोष नहीं होना चाहिए।
✅ अभ्यर्थी के विरुद्ध कोई आपराधिक प्रकरण लंबित नहीं होना चाहिए।
✅ चयन प्रक्रिया साक्षात्कार के माध्यम से की जाएगी तथा चयनित अभ्यर्थियों को मध्यस्थता का प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इन महिलाओं को दी जाएगी प्राथमिकता
🔹 समाज में सम्मानित, निष्पक्ष एवं प्रतिष्ठित महिलाएं।
🔹 स्थानीय स्तर पर महत्वपूर्ण योगदान देने वाली महिलाएं।
🔹 क्षेत्रीय अथवा स्थानीय कल्याण संस्थाओं की महिला प्रतिनिधि।
🔹 मध्यस्थता अथवा विवाद समाधान का अनुभव रखने वाली महिलाएं।
🔹 सेवानिवृत्त शिक्षिका, पंचायत सदस्य एवं सेवानिवृत्त महिला सरकारी कर्मचारी।
🔹 महिला सरपंच एवं पूर्व पंच।
🔹 महिला स्वयं सहायता समूहों की लीडर।
🔹 आंगनवाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता।
🔹 अनुभवी पैरा लीगल वालंटियर (पीएलवी)।
🔹 महिला अधिवक्ता एवं शिक्षिकाएं।
🔹 सेवानिवृत्त महिला सरकारी अधिकारी एवं महिला पुलिसकर्मी, विशेष रूप से समुदाय एवं आउटरीच कार्यों से जुड़ी महिलाएं।
-: आवश्यक दस्तावेज
आवेदन पत्र के साथ जन्मतिथि प्रमाण पत्र, शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्रों की सत्यापित प्रतियां, दो चरित्र प्रमाण पत्र, आधार कार्ड/राशन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र तथा नवीनतम पासपोर्ट आकार का फोटो संलग्न करना आवश्यक होगा। अभ्यर्थी को यह भी शपथ पत्र देना होगा कि उसके विरुद्ध कोई न्यायालयीन प्रकरण लंबित नहीं है।
-: आवेदन की अंतिम तिथि
इच्छुक अभ्यर्थी अपना आवेदन पत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर अथवा संबंधित तालुका विधिक सेवा समिति कार्यालय—बौंली, गंगापुर सिटी, बामनवास एवं खण्डार में दिनांक 10 जून 2026 को दोपहर 2:00 बजे तक जमा करा सकते हैं। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। आवेदन प्रपत्र जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, सवाई माधोपुर तथा संबंधित तालुका विधिक सेवा समितियों से प्राप्त किए जा सकते हैं। साथ ही न्यायक्षेत्र की वेबसाइट से भी डाउनलोड किए जा सकते हैं।जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने पात्र एवं इच्छुक महिलाओं से इस महत्वपूर्ण सामाजिक पहल में भागीदारी सुनिश्चित करते हुए अधिकाधिक संख्या में आवेदन प्रस्तुत करने का आह्वान किया है।
















Leave a Reply