राष्ट्रीय लोक अदालत के प्रचार के लिए जागरूकता रथ रवान

Oplus_16908288
बलिया। उ0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के दिशा-निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया द्वारा 09 मई 2026, शनिवार को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु प्रचार अभियान शुरू कर दिया गया है। इसी क्रम में गुरुवार को दीवानी न्यायालय परिसर से एक जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया, जो पूरे जनपद में लोगों को जागरूक करेगा।
इस मौके पर जनपद न्यायाधीश एवं प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री अनिल कुमार झा ने कहा कि लोक अदालत आमजन को सस्ता, सुलभ और त्वरित न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने मामलों का निस्तारण लोक अदालत के माध्यम से कराएं।
कार्यक्रम में परिवार न्यायालय के प्रधान न्यायाधीश श्री अश्वनी कुमार दुबे, मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण के पीठासीन अधिकारी श्री संजीव कुमार तिवारी एवं लोक अदालत के नोडल अधिकारी श्री प्रथम कान्त सहित अन्य न्यायिक अधिकारी उपस्थित रहे। संचालन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया।
अधिकारियों ने बताया कि यह प्रचार वाहन जिले की सभी तहसीलों में जाकर लोगों को लोक अदालत के लाभों की जानकारी देगा। लोक अदालत में जुर्माने वाले मामले, पारिवारिक व भूमि विवाद, बिजली-पानी बिल, कर संबंधी प्रकरण, चेक बाउंस और अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण सरलता से किया जा सकता है।
उन्होंने यह भी बताया कि लोक अदालत में सुलझाए गए मामलों में अपील का प्रावधान नहीं होता और इसका निर्णय न्यायालय के फैसले के समान मान्य होता है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है।
कार्यक्रम में न्यायिक अधिकारी, अधिवक्ता, न्यायालय कर्मचारी, पैरालीगल वालंटियर्स और वादकारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे अपने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए लोक अदालत का लाभ उठाएं।









Leave a Reply