धूमा में सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ संपन्न, भक्ति और उल्लास से सराबोर हुआ क्षेत्र
(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट – नितेश कुमार)
विण्ढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत धूमा स्थित पंचायत भवन परिसर में अवस्थित पंचमेश्वर महादेव मंदिर प्रांगण में 9 फरवरी 2026 से प्रारंभ हुआ सात दिवसीय भव्य रुद्र महायज्ञ 16 फरवरी 2026 को विधिवत रूप से संपन्न हो गया। इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर कर दिया।
महायज्ञ का आयोजन श्रवण सिंह गोड़ के नेतृत्व में संपन्न हुआ। उनके मार्गदर्शन और सहयोग से कार्यक्रम अत्यंत भव्य एवं सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित किया गया। आयोजन की सफलता में ग्राम पंचायत धूमा के प्रधान रामप्रसाद यादव तथा आयोजन समिति के पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने श्रद्धालुओं की सुविधा, व्यवस्था एवं धार्मिक अनुष्ठानों के संचालन में पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ योगदान दिया।
परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर महायज्ञ के दूसरे दिन भव्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। दूर-दराज के गांवों से आए हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र आस्था और उल्लास से गूंज उठा।
इस अवसर पर श्रवण सिंह गोड़ ने उपस्थित अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं दुद्धी क्षेत्र के मीडिया प्रतिनिधियों का सम्मान करते हुए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए उपनिरीक्षक शेष नारायण पांडे, मुख्य आरक्षी फिरोज अहमद एवं उनकी पुलिस टीम का योगदान सराहनीय रहा। पुलिस प्रशासन की सक्रियता से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
धार्मिक आस्था और सामाजिक समरसता का प्रतीक बना यह सात दिवसीय रुद्र महायज्ञ क्षेत्रवासियों के लिए एक यादगार अवसर सिद्ध हुआ।

















Leave a Reply