महाशिवरात्रि पर शिव पहाड़ी व रेघड़ा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों की लंबी कतारें
(दुद्धी सोनभद्र रिपोर्ट – नितेश कुमार)
दुद्धी तहसील अंतर्गत महुली एवं ड्योढी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध शिव पहाड़ी तथा घीवही क्षेत्र के रेघड़ा शिव मंदिर में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह से ही भक्तों की लंबी कतारें मंदिर परिसर में देखने को मिलीं। श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और कल्याण की कामना की।
मंदिर परिसर में आस्था का एक और भावुक दृश्य उस समय देखने को मिला, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मन्नत पूर्ण होने की कामना से भगवान सत्यनारायण की कथा का श्रवण किया। कथा स्थल पर दिनभर भक्तों की भीड़ बनी रही और पूरा वातावरण भक्ति रस में डूबा रहा।
महाशिवरात्रि को लेकर सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु विंढमगंज थाना पुलिस के साथ उत्तर प्रदेश पीएसी के जवानों की तैनाती की गई थी। पुलिस बल की सक्रियता से श्रद्धालुओं को दर्शन-पूजन में किसी प्रकार की असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।
वहीं मंदिर परिसर के आसपास लगे शिवरात्रि मेले में इस वर्ष विशेष उत्साह देखने को मिला। मेले में बच्चों के लिए झूले, खिलौनों की दुकानें, खानपान के स्टॉल तथा जलेबी, खुरमा सहित विभिन्न मिठाइयों की दुकानों पर लोगों की भारी भीड़ रही। श्रद्धालुओं ने परिवार सहित मेले का आनंद लिया और जमकर खरीदारी की।
पूरे क्षेत्र में दिनभर “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष गूंजते रहे। श्रद्धा, उत्साह और उल्लास के साथ महाशिवरात्रि का पर्व शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
महाशिवरात्रि पर शिव पहाड़ी व रेघड़ा शिव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, भक्तों की लंबी कतारें

















Leave a Reply