Advertisement

आंगनबाड़ी केन्द्रों में वजन त्यौहार का शुभारंभ

आंगनबाड़ी केन्द्रों में वजन त्यौहार का शुभारंभ

अपने बच्चों के पोषण स्तर का मापन अवश्य कराने अभिभावकों से की गई अपील
बलरामपुर, 09 फरवरी 2026/ कलेक्टर श्री राजेंद्र कटारा के मार्गदर्शन एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के नेतृत्व में जिले के समस्त आंगनबाड़ी केन्द्रों में वजन त्यौहार का आयोजन किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत 0 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों का सही तरीके से वजन एवं ऊंचाई मापन किया जा रहा है, ताकि उनके पोषण स्तर का सटीक आकलन किया जा सके। वजन त्यौहार के दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों में उपस्थित बच्चों का निर्धारित मानकों के अनुसार वजन व लंबाई मापी गई। साथ ही माताओं एवं किशोरियों को संतुलित एवं पौष्टिक आहार, उसके महत्व तथा बच्चों के शारीरिक व मानसिक विकास में पोषण के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

 

वजन त्यौहार के प्रचार-प्रसार के लिए विभाग द्वारा दीवार लेखन के माध्यम से जन-जागरूकता लाई गई। साथ ही आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा गृह भेंट कर अभिभावकों को वजन त्यौहार की जानकारी दी गई और बच्चों को केन्द्रों में लाने हेतु प्रेरित किया गया। वजन त्यौहार के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी परियोजना कार्यालय में परियोजना अधिकारी एवं पर्यवेक्षकों द्वारा समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को परियोजना स्तरीय वजन त्यौहार प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया, ताकि मापन प्रक्रिया में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। प्रशिक्षण के दौरान सही विधि से वजन एवं ऊंचाई मापन, अभिलेख संधारण तथा आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी गई।

महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा जिले के सभी अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अपने नजदीकी आंगनबाड़ी केन्द्र में जाकर अपने बच्चों के पोषण स्तर का मापन अवश्य कराएं, ताकि समय रहते कुपोषण की पहचान कर उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।
गौरतलब है कि संचालनालय महिला एवं बाल विकास विभाग रायपुर के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्री राजेन्द्र कटारा के मार्गदर्शन में जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रो में पोषण व स्वच्छता संबंधी विभिन्न गतिविधियां आयोजित किया जा रहा है। साथ ही 09 फरवरी से 18 फरवरी 2026 तक सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में वजन त्यौहार मनाया जाएगा।

 

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!