Advertisement

कुरुक्षेत्र में गीता महोत्सव में पहुंचे भाजपा अध्यक्ष बड़ौली:महाआरती का किया शुभारंभ; बोले- यहां प्राचीन संस्कृति और संस्कारों का संगम

कुरुक्षेत्र :-हरियाणा भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने कहा कि गीता स्थली कुरुक्षेत्र की पावन धरा पर देश की खूबसूरती के दर्शन सहजता से किए जा सकते हैं। इस धरा को और खूबसूरत बनाने के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार लगातार बड़ी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने का काम कर रही है। इतना ही नहीं सरकार ने वर्ष 2016 से छोटे से गीता जयंती समारोह को अंतरराष्‍ट्रीय गीता महोत्सव का बड़ा स्वरूप देने का काम किया है।

बड़ौली शुक्रवार देर शाम कुरुक्षेत्र में मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्‍ट्रीय गीता महोत्सव में हर वर्ष लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। इस पावन धरा पर पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को देश की प्राचीन संस्कृति और संस्कारों से रुबरू होने का एक अनोखा अवसर मिल रहा है।

उन्होंने एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि प्रदेश में 30 हजार 629 बूथ हैं और भाजपा सदस्यता अभियान के तहत प्रदेश में 5 लाख भाजपा सदस्य बनाएं जाएंगे। उन्होंने कहा कि कुरुक्षेत्र की विधानसभा लाडवा से ही मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी प्रदेश के मुखिया बने हैं और इस जिले के विकास पर सरकार विशेष फोकस रखेगी।

गीता महाआरती का किया शुभारंभ

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने ब्रह्मसरोवर पुरुषोतमपुरा बाग में महोत्सव के दूसरे दिन की गीता महाआरती कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इससे पहले उन्‍होंने भाजपा नेताओं और सभी जिलों के भाजपा जिलाध्यक्षों के साथ ब्रह्मसरोवर की महाआरती और पूजा-अर्चना की तथा दीपशिखा प्रज्ज्वलित कर विधिवत रूप से कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

उन्‍होंने कहा कि ब्रह्मसरोवर का कुरुक्षेत्र के इतिहास में एक धार्मिक और आध्यात्मिक जुड़ाव है। विभिन्न अवसरों पर इस तीर्थ के सरोवर में स्नान करने से पापों से मुक्ति मिलती है और पुण्य की प्राप्ति होती है, इसलिए इस पवित्र सरोवर की महाआरती करके मन को एक सुखद अनुभूति का अहसास होता है। ये रहे मौजूद इस मौके पर पूर्व राज्यमंत्री सुभाष सुधा, भाजपा के जिला अध्यक्ष सुशील राणा, केडीबी के मानद सचिव उपेन्द्र सिंघल, बोर्ड के उपाध्यक्ष धुमन सिंह किरमच, जिला मीडिया प्रभारी शैलेश वत्स, सदस्य विजय नरूला, प्रदेश सचिव राहुल राणा, रवि बतान, गुरदयाल सुनहेडी, ब्रज गुप्ता करनाल, सोहन लाल, रविन्द्र सांगवान, तिजेन्द्र गोल्डी, कैप्टन परमजीत सिंह, डॉ. ऋषिपाल मथाना सहित सभी जिलों के भाजपा अध्यक्ष, अधिकारीगण और भाजपा नेता मौजूद थे।

कुरूक्षेत्र में गीता महोत्सव को लेकर यातायात एडवाइजरी:शहर में भारी वाहनों की एंट्री बैन; एसपी बोले- सड़कों पर खड़े न करें वाहन

कुरूक्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव का आगाज हो चुका है। गीता जयंती पर लगने वाले सरस और क्राफ्ट मेले में लाखों की संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए पुलिस वाहन चालकों के लिए एडवाइजरी जारी की है। शहर में भारी वाहनों की एंट्री बैन की गई है।

पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला ने बताया कि 28 नवम्बर से 15 दिसम्बर तक ब्रह्मसरोवर पर लगने वाले अन्तर्राष्ट्रीय गीता महोत्सव में आने वाले तथा कुरुक्षेत्र शहर से होकर गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए ट्रैफिक डायवर्ट प्लान तैयार किया है। जिससे यातायात को सुचारु रूप से चलाया जा सके। उन्होंने बताया कि कुरूक्षेत्र शहर में आने वाले सभी मार्गों पर नाके लगाये गए हैं, जो यातायात व्यवस्था को संभालेंगे।

भारी वाहनों के लिए ट्रैफिक डायवर्ट प्लान

1. पेहवा, पटियाला की तरफ से आने वाले वाहन, जिन्हें सहारनपुर, हरिद्वार, उतराखण्ड तथा यमुनानगर क्षेत्र में जाना है, पेहवा बाइपास एनएच-152 से होकर ईस्माईलाबाद बाइपास से होते हुए गांव ठोल, कुरडी, नलवी, शाहाबाद के रास्ते अपने गंतव्य को जा सकते है।

2. कैथल की तरफ से आनी वाली वाहन, जिन्हें सहारनपुर, हरिद्वार या इससे आगे यूपी, इन्द्री, लाडवा, जिला यमुनानगर के क्षेत्र में जाना है, तो वह ट्रैफिक पेहवा से ढाण्ड, कैथल से ढाण्ड यानि जो भी ट्रैफिक ढाण्ड आएगी, वह ट्रैफिक कुरूक्षेत्र न होकर गांव कौल के रास्ते से वाया निगदू निलोखेडी व इन्द्री के रास्ते से होते हुए अपने गंतव्य को जा सकती है।

3. पटियाला व पंजाब के एरिया से जो भी वाहन पेहवा आएंगे और जिन्हें कुरूक्षेत्र से होकर करनाल, पानीपत, सोनीपत व इसके आगे यूपी और दिल्ली इत्यादि जाना है, वह वाहन पेहवा से ढाण्ड और ढाण्ड से गांव कौल के रास्ते से अपने गंतव्य को जा सकते हैं।

4. जो ट्रैफिक यमुनानगर की तरफ से लाडवा कुरूक्षेत्र के रास्ते पेहवा व पंजाब को जाती है वह ट्रैफिक वाया लाडवा, बाबैन, शाहाबाद, नलवी, ठोल व ईस्माईलाबाद से होते हुए जा सकते हैं।

5. जिला यमुनानगर की तरफ से लाडवा कुरुक्षेत्र होकर ढाण्ड, कैथल व उससे आगे जाएंगे, वह वाहन लाडवा से इन्द्री, भादसो, नीलोखेडी के रास्ते से ढाण्ड-कैथल होते हुए अपने-अपने गंतव्य को जा सकते है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!