किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदने सभी उपार्जन केन्द्रों में पुख्ता इंतजाम
अवैध परिवहन तथा कोचियों-बिचौलियों पर नजर रखने गठित किया गया है उड़नदस्ता दल
किसानों की सुविधा एवं शिकायतों के लिए बनाया गया है नियंत्रण कक्ष
जिले में दो दिनों में हुई 10 हजार 766.80 क्विंटल धान की खरीदी
संवाददाता सूरज यादव
गौरेला पेंड्रा मरवाही। खरीफ विपणन वर्ष 2024-25 में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य विगत 14 नवम्बर से प्रारंभ हो गया है। जिले के सभी 20 धान उपार्जन केन्द्रों में धान खरीदी हेतु चेक लिस्ट के अनुसार पुख्ता इंतजाम किया गया है। कलेक्टर श्रीमती लीना कमलेश मंडावी ने सुचारू रूप से धान खरीदी और धान की अवैध परिवहन तथा कोचियों-बिचौलियों पर नजर रखने के लिए राजस्व, खाद्य, सहकारिता, विपणन, मंडी एवं पुलिस बल के अधिकारियों-कर्मचारियों को शामिल करते हुए जिला एवं तहसील स्तर पर उड़नदस्ता दल गठित किया है, जिनके द्वारा लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। जिले में 4 धान उपार्जन केन्द्र-लरकेनी, लालपुर, सिवनी एवं निमधा को संवेदनशील केन्द्र घोषित किया गया है, जहां विशेष निगरानी दल का गठन किया गया है।
जिला प्रशासन द्वारा किसानों से सुरक्षित रूप से धान खरीदने एवं शिकायतों के निराकरण के लिए राज्य स्तर पर टोल फ्री नम्बर 1800-233-3663 जारी किया गया है। इसके साथ ही नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है, जिसका दूरभाष नम्बर 9179764425 है। इस नम्बर पर अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। जिले में 14 और 18 नवम्बर को 2 दिनों में कुल 10 हजार 766.80 क्विंटल धान की खरीदी की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार धान उपार्जन केन्द्र धनौली में 1890 क्विंटल, भर्रीडांड़ में 1252.40 क्विंटल, लालपुर में 892 क्विंटल, मेंढू़का में 888.40 क्विंटल, लरकेनी में 800.80 क्विंटल, गौरेला में 644.40 क्विंटल, पेण्ड्रा में 639.60 क्विंटल, मरवाही में 612 क्विंटल, सिवनी में 608 क्विंटल, निमधा में 590.80 क्विंटल, खोडरी में 572.80 क्विंटल, तेंदूमुड़ा 482.80 क्विंटल ,परासी में 262 क्विंटल, नवागांव पेण्ड्रा में 217.60 क्विंटल, देवरीकला में 213.20 क्विंटल और बंशीताल में 200 क्विंटल धान खरीदी की गई है। धान खरीदी केन्द्र कोडगार, बस्ती, जोगीसार एवं तरईगांव में धान खरीदी की मात्रा शून्य है।