न्यूज़ रिपोर्टर सचिन तिवारी
जनपद – धौलपुर
राहुल गांधी ने धौलपुर में किया रोड शो, बोले- बांग्लादेश-पाकिस्तान से ज्यादा बेरोजगारी ।
धौलपुर । कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज राजस्थान के धौलपुर में रोड शो किया। पांच दिन के ब्रेक के बाद शनिवार को धौलपुर में राहुल गांधी ने न्याय यात्रा निकाली। ढाई किलोमीटर के रोड शो के बाद यात्रा मध्यप्रदेश के मुरैना में प्रवेश कर गई है। यात्रा में शामिल होने के लिए राजस्थान कांग्रेस के दिग्गज धौलपुर पहुंचे थे। यहां पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने राजस्थान सरकार पर कई आरोप लगाए। राहुल गांधी ने कहा कि हथियार बनाने वाली विदेशी कंपनियों को कॉन्ट्रैक्ट मिलेगा। अडानी पार्टनर बनकर पैसा कमाएंगे। उन्होंने कहा कि भारत में पाकिस्तान-बांग्लादेश से ज्यादा बेरोजगारी है। 22 लोगों के पास 50 प्रतिशत धन है।
बता दें राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा शनिवार दोपहर को फिर से शुरू हो गई। दोपहर को राहुल गांधी दिल्ली से हेलीकॉप्टर से सीधे धौलपुर पहुंचे। इसके बाद राजाखेड़ा बाईपास से खुली गाड़ी से रोड शो की शुरुआत हुई। करीब 3 किलोमीटर तक राहुल गांधी ने धौलपुर में रोड शो किया। इसके बाद यात्रा मध्य प्रदेश के मुरैना जिले की सीमा में प्रवेश कर गई।
सचिन पायलट नहीं हुए रोड शो में शामिल
कांग्रेस के कद्दावर नेता एवं पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल होने शनिवार को धौलपुर पहुंच गए थे, सर्किट हाउस में मीडिया से वार्ता भी की थी, लेकिन दोपहर के बाद जैसे ही राहुल गांधी का रोड शो शुरू हुआ, तो सचिन पायलट उनके साथ दिखाई नहीं दिए। राहुल गांधी के साथ रोड शो में पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पीसीसी चीफ गोविंद सिंह डोटासरा, सुखविंदर सिंह रंधावा समेत राजाखेड़ा विधायक रोहित बोहरा, धौलपुर विधायक शोभारानी कुशवाहा एवं बसेड़ी विधायक संजय जाटव मौजूद रहे। सचिन पायलट मुरैना रवाना हो गए। मुरैना में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा का रोड शो किया जाएगा।
राहुल गांधी को देखने उमड़ी लोगों की भीड़
धौलपुर शहर के राजाखेड़ा बाईपास से सागर पाड़ा चेक पोस्ट तक राहुल गांधी का रोड शो हुआ। राहुल गांधी को देखने के लिए भारी तादाद में शहरवासी एवं आसपास के ग्रामीणों की भीड़ उमड़ी। आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम के हालात बन गए, हालांकि रोड शो का आयोजन सर्विस रोड पर किया गया था। राहुल गांधी की एक झलक पाने के लिए महिला, पुरुष एवं बच्चे छतों पर भी चढ़ गए. इसके अलावा हाईवे पर भी लोगों की भारी भीड़ देखी गई। भीड़ को कंट्रोल करने के लिए पुलिस और प्रशासन के पसीने छूट गए। करीब डेढ़ घंटे तक धौलपुर में रोड शो का आयोजन किया गया। इसके बाद भारत जोड़ो न्याय यात्रा मध्य प्रदेश के लिए रवाना हो गई।