Advertisement

माँ मुंडेश्वरी धाम को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने हेतु बनेगा हेलीपैड और रोप-वे : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

माँ मुंडेश्वरी धाम को अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने हेतु बनेगा हेलीपैड और रोप-वे : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी

• कैमूर को 196.06 करोड़ रुपये की 60 विकास योजनाओं की सौगात, सहयोग शिविर में सुनीं आमजन की समस्याएं

सत्यार्थ न्यूज ब्यूरो चीफ, सत्यम कुमार उपाध्याय

कैमूर। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कैमूर जिले के भगवानपुर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक माँ मुंडेश्वरी धाम में आयोजित सहयोग शिविर कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने जिले के लिए 196.06 करोड़ रुपये की लागत से 60 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया तथा घोषणा की कि माँ मुंडेश्वरी धाम को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने के लिए यहां हेलीपैड एवं रोप-वे का निर्माण कराया जाएगा। बता दें कि मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम से पूर्व माँ मुंडेश्वरी भवानी मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की। बाद में आयोजित सहयोग शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए उन्होंने आम लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री ने बताया कि सहयोग शिविर एवं सहयोग पोर्टल के माध्यम से पूरे बिहार में अब तक 3 लाख 3 हजार 678 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 2 लाख 61 हजार 628 आवेदनों का 30 दिनों के भीतर निष्पादन किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि लंबित मामलों पर कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी करने की व्यवस्था की गई है। अब तक 8,942 अधिकारियों को प्रथम, 153 अधिकारियों को द्वितीय तथा एक अधिकारी को तृतीय नोटिस जारी किया गया है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से विभिन्न विभागों की कुल 60 विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इनमें 162.69 करोड़ रुपये की लागत से 20 योजनाओं का शिलान्यास तथा 33.36 करोड़ रुपये की लागत से 40 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प तथा पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समृद्ध बिहार के सपने को साकार करने के लिए राज्य सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि बिहार के प्रत्येक प्रखंड में उच्च शिक्षा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए डिग्री कॉलेजों की स्थापना की जा रही है तथा मॉडल स्कूल विकसित किए जाएंगे। आपको बता दें कि मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हर घर तक सौर ऊर्जा पहुंचाने के लिए विशेष योजना पर कार्य कर रही है। लोगों की छतों पर सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें आने वाले वर्षों तक निःशुल्क बिजली उपलब्ध होगी। अतिरिक्त बिजली उत्पादन होने पर सरकार उसे खरीदकर संबंधित लाभार्थियों के खाते में राशि हस्तांतरित करेगी। वही माँ मुंडेश्वरी धाम के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पवित्र स्थल तक श्रद्धालुओं और पर्यटकों की आसान पहुंच सुनिश्चित करने के लिए हेलीपैड का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही मंदिर परिसर का जीर्णोद्धार कर श्रद्धालुओं की सुविधा हेतु रोप-वे की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि बरसात के बाद रोप-वे परियोजना का शिलान्यास किया जाएगा। इसके अलावा क्षेत्र में जंगल सफारी और इको-टूरिज्म को भी बढ़ावा दिया जाएगा। वही मुख्यमंत्री ने उद्योग स्थापना के लिए 30 दिनों के भीतर क्लीयरेंस देने, शिक्षकों के स्थानांतरण को सरल बनाने तथा सुशासन और अपराधमुक्त बिहार के निर्माण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई। इस अवसर पर उच्च शिक्षा एवं विधि मंत्री संजय सिंह टाइगर, अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री मो. जमा खान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान लाभुकों को विभिन्न योजनाओं से संबंधित स्वीकृति पत्र, प्रमाण पत्र एवं सांकेतिक चेक भी वितरित किए गए। मुख्यमंत्री के कैमूर आगमन पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नेताओं एवं जिला प्रशासन द्वारा पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंटकर उनका भव्य स्वागत किया गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!