Advertisement

रामनगर की सुबह लाई मातम, दंपति की हत्या से हड़कंप

रामनगर की सुबह लाई मातम, दंपति की हत्या से हड़कंप

जमीन विवाद में खूनखराबे की आशंका, छह पर हत्या का मुकदमा


टीकमगढ़ म प्र से कविन्द पटैरिया पत्रकार

दिगौड़ा/टीकमगढ़। जिले के दिगौड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार रात हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रामनगर गांव में एक बुजुर्ग दंपति की कथित रूप से हत्या कर उनके शव सड़क किनारे फेंक दिए गए। रविवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीनी विवाद की बात सामने आ रही है। पुलिस ने इस मामले में छह लोगों के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मृतकों की पहचान चैनू घोष (65) और उनकी पत्नी पाना बाई (63) निवासी बछौड़ा, थाना दिगौड़ा के रूप में हुई है। बताया गया है कि दंपति मूल रूप से बछौड़ा गांव के निवासी थे, लेकिन रामनगर में स्थित ससुराल पक्ष की जमीन पर खेत के पास मकान बनाकर रह रहे थे। परिजनों के अनुसार, जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था और आरोपी रिश्तेदारी में मामा पक्ष के बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही दिगौड़ा थाना पुलिस, वरिष्ठ अधिकारी, डॉग स्क्वॉड, फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए। पंचनामा कार्रवाई के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल टीकमगढ़ भेजा गया।

पोस्टमार्टम के बाद रविवार दोपहर करीब एक बजे परिजन दोनों शवों को अलग-अलग शव वाहनों में लेकर दिगौड़ा थाना पहुंचे। परिजनों का आरोप है कि हत्या का मामला दर्ज करने और एफआईआर की प्रति उपलब्ध कराने में पुलिस द्वारा अनावश्यक विलंब किया गया। इस दौरान दोनों शव वाहन करीब चार घंटे तक थाना परिसर में एक पेड़ के नीचे खड़े रहे। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच परिजन एफआईआर की मांग को लेकर इंतजार करते रहे।

परिजनों का आरोप है कि कई बार आग्रह करने के बावजूद उन्हें समय पर एफआईआर उपलब्ध नहीं कराई गई। इससे नाराज होकर उन्होंने शव वाहन से शव उतारकर थाना परिसर में रख दिए और विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, माहौल कुछ समय के लिए तनावपूर्ण हो गया था।

दोहरे हत्याकांड की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक और जतारा एसडीओपी भी दिगौड़ा थाने में मौजूद रहे। हालांकि परिजनों का आरोप है कि वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी के बावजूद उनकी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई नहीं हुई।

पुलिस ने देहाती नालसी के आधार पर वीरन घोष, रतिभान घोष, प्रतापभान घोष, शब्बी घोष, रामसिंह घोष और अमित घोष निवासी रामनगर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238(ए) एवं 3(5) के तहत हत्या सहित अन्य प्रावधानों में मामला दर्ज किया है।

उल्लेखनीय है कि दिगौड़ा थाना क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर हत्या की यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले भगवंतपुरा गांव के बबलू केवट की हमले में घायल होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रही गंभीर आपराधिक घटनाओं ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

थाना प्रभारी मनीष मिश्रा ने बताया कि बुजुर्ग दंपति हत्या कांड में छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है तथा आरोपियों की तलाश जारी है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!