बैंगलोर भागने से पहले धरे गए गुंडे: कुम्भराज में रंगदारी-जानलेवा हमले के चार आरोपी जेल, गुना पुलिस ने भोपाल स्टेशन से दबोचा
गुना, संवाददाता बलवीर योगी

कुम्भराज में रंगदारी मांगने, जानलेवा हमला करने और ट्रैक्टर में तोड़फोड़ करने वाले चार फरार आरोपियों को गुना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया। पुलिस अधीक्षक हितिका वासल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने इन आरोपियों को बैंगलोर भागने से ठीक पहले भोपाल रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया।
क्या था मामला
29 मई 2026 की रात फरियादी रोहित मीना अपने साथी महेन्द्र मीना के साथ ट्रैक्टर से गांव लौट रहा था। रात करीब 9 बजे कुम्भराज के साहू मोहल्ला में शिवम साहू, अरुण उर्फ अंटया अहिरवार और आदित्य उर्फ अद्दू अहिरवार ने ट्रैक्टर रोककर खुद को “इलाके का गुंडा” बताते हुए रुपयों की मांग की। विरोध करने पर आरोपियों ने लोहे की रॉड और लुहांगी से हमला कर दोनों को गंभीर रूप से घायल कर दिया। अन्य साथियों के साथ मिलकर आरोपियों ने ट्रैक्टर में भी तोड़फोड़ की।
फरियादी की रिपोर्ट पर कुम्भराज थाने में अपराध क्रमांक 86/26 धारा 296(बी), 115(2), 119(2), 109(1), 324(2), 351(3) एवं 3(5) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया।
एक दिन में पहली गिरफ्तारी, फिर बिछाया जाल
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 30 मई को ही आरोपी आदित्य उर्फ अद्दू अहिरवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसपी वासल ने एएसपी मानसिंह ठाकुर व एसडीओपी मनोज झा के पर्यवेक्षण में विशेष टीम बनाई।
तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर तंत्र से 2 जून को विवेक खटीक को कुम्भराज से पकड़ा गया। 3 जून सुबह सूचना मिली कि मुख्य आरोपी सोहेल खांन, अरुण उर्फ अंटया अहिरवार और शिवम साहू भोपाल रेलवे स्टेशन से बैंगलोर भागने की फिराक में हैं। टीम ने तुरंत भोपाल पहुंचकर तीनों को ट्रेन पकड़ने से पहले धर दबोचा।
चारों आरोपी भेजे गए जेल
गिरफ्तार आरोपियों में 1- सोहेल खांन 23 साल निवासी नानाखेड़ी गुना, 2- अरूण उर्फ अंटया 25 साल निवासी साहू मौहल्ला कुम्भराज, 3- शिवम साहू 26 साल निवासी साहू मौहल्ला कुम्भराज और 4- विवेक खटीक 19 साल निवासी कुम्भराज शामिल हैं। चारों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
एसपी का कड़ा संदेश
एसपी हितिका वासल ने कहा कि रंगदारी, गुंडागर्दी और कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। कार्रवाई में निरीक्षक पंकज त्यागी, उपनिरीक्षक संदीप यादव, नीरज लोधी, होतम सिंह सहित साइबर सेल की अहम भूमिका रही।















Leave a Reply