Advertisement

गुना जिले में ‘मोबाइल कोर्ट’ से भूमि विवाद का मौके पर निपटारा, दोनों पक्षों में बनी सहमति

गुना जिले में ‘मोबाइल कोर्ट’ से भूमि विवाद का मौके पर निपटारा, दोनों पक्षों में बनी सहमति

गुना, संवाददाता: बलबीर योगी

कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल के निर्देश पर गुना जिले में भूमि विवादों के त्वरित समाधान के लिए ‘मोबाइल कोर्ट’ की व्यवस्था कारगर साबित हो रही है। इस व्यवस्था के तहत विवादित स्थल पर ही राजस्व और पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में मामलों का सौहार्दपूर्ण निपटारा किया जा रहा है।

इसी क्रम में बुधवार को एसडीएम गुना श्रीमती शिवानी पाण्डेय की अगुवाई में तहसील बमोरी के ग्राम विश्वनगर मजरा खेजरा चक में मोबाइल कोर्ट लगाकर वर्षों पुराने भूमि विवाद को मौके पर ही सुलझाया गया। जनसुनवाई में आवेदक कोमल पुत्र निर्भय सिंह पारदी और आवेदिका सुनीता पत्नी मेजर सिंह पारदी ने अपनी स्वामित्व की भूमि पर अवैध कब्जे की आशंका जताते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत मिलते ही सभी संबंधित पक्षों को विधिवत सूचना देकर मौके पर बुलाया गया। मोबाइल कोर्ट की कार्यवाही के दौरान राजस्व अमले ने दोनों पक्षों की मौजूदगी में वादग्रस्त भूमि का सीमांकन कराया। अधिकारियों ने नक्शे और दस्तावेजों के आधार पर जमीन की वास्तविक सीमाएं बताईं और दोनों पक्षों को समझाइश दी।

एसडीएम श्रीमती पाण्डेय और राजस्व अधिकारियों की समझाइश का असर हुआ और दोनों पक्ष विवाद खत्म करने पर राजी हो गए। आवेदक और अनावेदक पक्ष ने लिखित में आश्वासन दिया कि भविष्य में एक दूसरे की भूमि पर कब्जा करने या जबरन फसल बोने का प्रयास नहीं करेंगे। मौके पर ही सहमति पंचनामा तैयार कर कार्यवाही पूरी की गई।

इस मौके पर एसडीओपी श्रीमती दीपा डोंदवे, तहसीलदार बमोरी देवदत्त गोलिया, कार्यपालिक मजिस्ट्रेट जयप्रकाश गौतम, थाना प्रभारी धरनावदा राहुल शर्मा सहित राजस्व और पुलिस विभाग का अमला मौजूद रहा।

प्रशासन का कहना है कि मोबाइल कोर्ट से ग्रामीणों को तहसील और कोर्ट के चक्कर नहीं लगाने पड़ते। मौके पर ही निराकरण होने से समय और धन दोनों की बचत होती है। साथ ही आपसी भाईचारा भी बना रहता है। जिले में यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!