सोशल मीडिया पर दोस्ती पड़ी भारी: अनूपपुर पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत दिल्ली से दस्तयाब की नाबालिग, बिहार का आरोपी गिरफ्तार

फेसबुक पर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया था आरोपी
पुलिस अधीक्षक ने की अपील- बच्चों के सोशल मीडिया उपयोग पर रखें नजर
जियाउद्दीन अंसारी
संभागीय ब्यूरो चीफ शहडोल
आवाज बेधड़क
अनूपपुर पुलिस मुख्यालय भोपाल द्वारा गुमशुदा नाबालिग बच्चों की तलाश के लिए पूरे प्रदेश में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन मुस्कान’ के तहत अनूपपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली अनूपपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दिल्ली से एक 17 वर्षीय अपहृत नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। इसके साथ ही बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने वाले बिहार निवासी आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
फेसबुक से हुई थी दोस्ती
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित नाबालिग बालिका की सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘फेसबुक’ के जरिए आरोपी सोनू कुमार (29 वर्ष), निवासी ग्राम जनखारी, थाना दिग्गा, जिला पटना (बिहार) से दोस्ती हुई थी। आरोपी ने फेसबुक मैसेंजर पर लड़की को अपने जाल में फंसाया और बहला-फुसलाकर अपने साथ दिल्ली ले गया। 20 मई 2026 को बालिका के अचानक घर से लापता होने पर परिजनों की शिकायत पर थाना कोतवाली अनूपपुर में अपराध क्रमांक 286/26, धारा 137(2) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।
दिल्ली के ख्याला इलाके से हुई बरामदगी
पुलिस अधीक्षक श्री विक्रांत मुराब, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री जगन्नाथ मरकाम एवं एसडीओपी श्री नवीन तिवारी के मार्गदर्शन में कोतवाली टी.आई. अरविंद जैन के नेतृत्व में एक विशेष संयुक्त टीम का गठन किया गया। सायबर सेल की मदद से टीम ने लगातार सुराग जुटाए और दिल्ली के थाना ख्याला अंतर्गत ‘रूप ढाबा’ के पास दबिश देकर नाबालिग को आरोपी सोनू कुमार के कब्जे से सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की विवेचना की जा रही है।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक सुरेंद्र प्रताप सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र राठौर, आरक्षक दीपक बुंदेला, महिला आरक्षक अंकिता सोनी तथा सायबर सेल से प्रधान आरक्षक राजेंद्र अहिरवार व आरक्षक पंकज मिश्रा की मुख्य भूमिका रही।
















Leave a Reply