Advertisement

बड़वानी-मंत्री निर्मला भूरिया ने किया पुलिस खेल महोत्सव का शुभारंभ, महिला आरक्षण पर विपक्ष पर साधा निशाना

बड़वानी से जिला ब्यूरो हेमन्त नागझिरिया की रिपोर्ट
बड़वानी। जिला मुख्यालय स्थित शुभम पैलेस में शनिवार को पुलिस खेल महोत्सव “उत्साह नया–खेलें युवा 2026” का विधिवत शुभारंभ महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजय यादव सहित पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत मंत्री के पारंपरिक स्वागत से हुई, जिसके बाद उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया।
अपने संबोधन में मंत्री भूरिया ने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर कांग्रेस सहित विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि महिला विरोधी नीतियों के कारण ही लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पारित नहीं हो सका। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष ने हमेशा महिलाओं के अधिकारों को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई।
मंत्री भूरिया ने कहा कि प्रदेश की बेटियां आज हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं, जो पूरे मध्यप्रदेश और देश के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कबड्डी प्रतियोगिता में भाग ले रही बालिकाओं की सराहना करते हुए कहा कि खेलों में उनकी बढ़ती भागीदारी समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है और इससे अन्य युवतियां भी प्रेरित होंगी।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पद्म विलोचन शुक्ल ने भी मंच से संबोधित करते हुए मंत्री भूरिया के सहयोग और मार्गदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि पूर्व में झाबुआ में आयोजित खेल उत्सव के दौरान भी मंत्री ने पुलिस और जनता का मनोबल बढ़ाया था। हालांकि, अपने संबोधन में वे कई बार बड़वानी पुलिस के स्थान पर झाबुआ पुलिस का उल्लेख करते नजर आए।
पुलिस अधीक्षक ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी अपनी बात रखते हुए कहा कि देश की आधी आबादी महिलाओं की है और भविष्य महिलाओं का ही है। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में महिलाओं को और अधिक अवसर मिलेंगे।
पुलिस खेल महोत्सव के तहत आयोजित जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता 18 अप्रैल से प्रारंभ होकर 20 अप्रैल तक चलेगी, जिसमें विभिन्न टीमों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, पुलिस अधिकारी और आमजन उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!