गुना जनसुनवाई में जरूरतमंदों को मिली 1 लाख की सहायता

* मंगलवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई आमजन के लिए बड़ी राहत लेकर आई। कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल ने नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनकर त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में गंभीर बीमारी, दुर्घटना और आर्थिक संकट से प्रभावित 6 हितग्राहियों को कुल 1 लाख रुपये की आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए। कलेक्टर ने कैंसर पीड़ित पूजा बाई, दिव्यांग सुरेन्द्र कुमार शर्मा, आंधी-तूफान से घर क्षतिग्रस्त होने पर बुदेल सिंह बाजरे, पत्नी के उपचार के लिए राजेश अहिरवार और कमलेश बुनकर को 10-10 हजार रुपये की सहायता दी। वहीं सड़क दुर्घटना में घायल ग्राम भादौर निवासी भूरा सिंह को उपचार के लिए 50 हजार रुपये दिए गए।
दिव्यांगजनों को प्राथमिकता से सहायक उपकरण भी बांटे गए। सुरेन्द्र कुमार शर्मा को ट्रायसाइकिल, विमला जाटव को बैसाखी तथा भूरा सिंह को व्हीलचेयर प्रदान की गई। इन उपकरणों से उनके दैनिक जीवन में सुगमता आएगी।
जनसुनवाई एक ही स्थान पर कई सुविधाओं का केंद्र भी बनी। स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयुष्मान कार्ड बनाए गए और नेत्र परीक्षण, एचआईवी जांच जैसी सेवाएं दी गईं। आधार कार्ड अपडेट व नि:शुल्क कानूनी सहायता का लाभ भी बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया।
इस जनसुनवाई में कुल 305 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। इस दौरान अपर कलेक्टर अखिलेश जैन, जिला पंचायत CEO अभिषेक दुबे, SDM शिवानी पाण्डेय सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
– संवाददाता, बलबीर योगी, गुना जिला















Leave a Reply