खनियांधाना: ‘संकल्प से समाधान’ कार्यक्रम में विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने बांटे कृत्रिम अंग और हितलाभ, शासन की योजनाओं से किया लाभान्वित
गणेश सोनी की रिपोर्ट

खनियांधाना। आज 23 मार्च को जनपद पंचायत खनियांधाना के सभा हॉल में ‘संकल्प से समाधान’ कार्यक्रम का गरिमामय आयोजन किया गया। क्षेत्रीय विधायक माननीय प्रीतम सिंह लोधी की मुख्य आतिथ्य में आयोजित इस शिविर में न केवल जनसमस्याएं सुनी गईं, बल्कि पात्र हितग्राहियों को सहायक उपकरण और शासन की विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र भी प्रदान किए गए।
दिव्यांगों को मिला सहारा, आधुनिक तकनीक से सजेगी नेत्रहीनों की राह
कार्यक्रम के दौरान विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने संवेदनशीलता दिखाते हुए दिव्यांगों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से तीन पहिया साइकिलों का वितरण किया। विशेष रूप से नेत्रहीन भाई-बहनों के लिए आधुनिक तकनीक वाली स्मार्ट छड़ियाँ (डंडी) प्रदान की गईं। यह छड़ियाँ विशेष सेंसर से लैस हैं, जो रास्ते में किसी वाहन के आने या गड्ढा होने पर आवाज के जरिए चेतावनी देती हैं, जिससे नेत्रहीन व्यक्तियों को चलने-फिरने में सुगमता होगी।
लाड़ली लक्ष्मियों का सम्मान और राहत राशि का वितरण
विधायक ने मंच से नन्ही बालिकाओं को लाड़ली लक्ष्मी योजना के स्वीकृति पत्र सौंपे और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इसके साथ ही, विभिन्न आपदाओं या व्यक्तिगत कठिनाइयों से जूझ रहे पात्र परिवारों को राहत राशि के चेक भी प्रदान किए गए। विधायक ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक बिना किसी बाधा के पहुंचना चाहिए।
प्रशासनिक अमले और पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर पिछोर एसडीएम ममता शाक्य, नायब तहसीलदार रामनरेश आर्य, जनपद सीईओ मोगराज मीणा, बीएमओ डॉ. अरुण कुमार झस्या, नगर परिषद सीएमओ आशुतोष त्रिपाठी और सामाजिक सुरक्षा अधिकारी रादवेन्द्र सेन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। साथ ही, क्षेत्र के समस्त पत्रकारगणों ने भी उपस्थित रहकर जनहित के मुद्दों पर अपनी सहभागिता दर्ज कराई।
















Leave a Reply