यातायात जागरूकता अभियान के तहत पांढुर्णा जिले के सभी थानों में नेत्र जांच शिविर आयोजित, पुलिस कर्मियों व परिवारजनों को मिला स्वास्थ्य लाभ
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – जिला पांढुर्णा में यातायात जागरूकता अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक सराहनीय पहल की गई। जिले के सभी पुलिस थानों में ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर ग्रुप के सहयोग तथा नीलकंठ हॉस्पिटल के समन्वय से पुलिस अधिकारी–कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के लिए निःशुल्क नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया गया।
इस विशेष शिविर का आयोजन जिला कलेक्टर महोदय श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक महोदय श्री सुंदर सिंह कनेश की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिस कर्मियों की दृष्टि क्षमता की जांच कर उन्हें समय रहते उपचार एवं परामर्श उपलब्ध कराना था, जिससे वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं सुरक्षित ढंग से कर सकें।

विशेषज्ञ डॉक्टरों ने की जांच
नीलकंठ हॉस्पिटल की अनुभवी नेत्र चिकित्सकों की टीम द्वारा शिविर में उपस्थित सभी पुलिस अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवारजनों की आंखों की जांच की गई। इस दौरान दृष्टि दोष, आंखों की सामान्य बीमारियों, चश्मे की आवश्यकता तथा भविष्य में होने वाली संभावित समस्याओं के बारे में जानकारी दी गई। जरूरतमंदों को उचित परामर्श के साथ आगे के इलाज की भी सलाह दी गई।
यातायात सुरक्षा से जुड़ा स्वास्थ्य
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि यातायात व्यवस्था में तैनात पुलिसकर्मियों के लिए आंखों का स्वस्थ होना अत्यंत आवश्यक है, क्योंकि सड़क सुरक्षा एवं दुर्घटनाओं की रोकथाम में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होती है। यह शिविर न केवल स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी है, बल्कि यातायात जागरूकता अभियान को भी मजबूती प्रदान करता है।

सामाजिक सहयोग की सराहना
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने ऑरेंज सिटी फोटोग्राफर ग्रुप और नीलकंठ हॉस्पिटल के इस सहयोगात्मक प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे सामाजिक कार्य आगे भी जारी रहने चाहिए, ताकि समाज के विभिन्न वर्गों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिल सके।
इस नेत्र जांच शिविर से बड़ी संख्या में पुलिस कर्मियों एवं उनके परिवारजनों ने लाभ उठाया और आयोजन को उपयोगी एवं सराहनीय बताया।


















Leave a Reply